भारी बारिश में विधवा महिला के घर का हिस्सा गिरा, अबुआ आवास की राशि नहीं मिलने से परेशानी
गिरिडीह। महेशलुंडी पंचायत के तिनकोनिया के पास लगातार हो रही भारी बारिश के कारण एक विधवा महिला के घर का एक हिस्सा गिर गया। पीड़ित महिला कनिज फातिमा है। घटना के बाद महिला के सामने आवास और सुरक्षा की समस्या खड़ी हो गई है।
पीड़िता द्वारा बताया गया कि बारिश के दौरान घर का एक हिस्सा अचानक ढह गया। गनीमत रही कि घटना में किसी के हताहत नहीं हुई। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित महिला को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
वहीं, महेशलुंडी पंचायत के मुखिया शिवनाथ साव ने बताया कि कनिज फातिमा का नाम अबुआ आवास योजना में दर्ज है। हालांकि, फंड की कमी के कारण अब तक उन्हें आवास निर्माण के लिए राशि नहीं मिल पाई है। ऐसे में जर्जर मकान में रहने को मजबूर महिला के घर का एक हिस्सा बारिश में गिर गया।
मुखिया ने बताया कि महिला को आवास योजना का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक प्रक्रिया की जा रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द आवास निर्माण के लिए राशि उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि महिला को सुरक्षित आशियाना मिल सके।

