अस्मिता खेलो इंडिया वूशु लीग में 204 बालिका खिलाड़ियों ने दिखाया दम

अस्मिता खेलो इंडिया वूशु लीग में 204 बालिका खिलाड़ियों ने दिखाया दम, वूशु एकेडमी बनी ओवरऑल विजेता

पलामू। रेडमा, पांकी रोड स्थित द क्लब में अस्मिता खेलो इंडिया वूशु लीग का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में पलामू जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं वूशु संस्थानों से 204 बालिका खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। खिलाड़ियों ने विभिन्न वजन वर्गों में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में सांसद प्रतिनिधि विजय ओझा, पलामू शिक्षा विभाग के APO उज्ज्वल मिश्रा, पलामू वूशु एसोसिएशन के अध्यक्ष रमेश चंद्र प्रसाद एवं पलामू ओलंपिक एसोसिएशन के सचिव संजय त्रिपाठी उपस्थित रहे।

प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए विजय ओझा ने कहा कि खेल बच्चों के आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने बालिका खिलाड़ियों को नियमित रूप से खेलों में भाग लेने तथा अपने खेल कौशल को निखारते हुए आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

पलामू वूशु एसोसिएशन के अध्यक्ष रमेश चंद्र प्रसाद ने कहा कि पलामू में वूशु सहित विभिन्न खेलों में बालिकाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है। ऐसे आयोजनों से खिलाड़ियों को प्रतियोगिता का अनुभव मिलता है और उन्हें राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार होने का अवसर मिलता है।

पलामू ओलंपिक एसोसिएशन के सचिव संजय त्रिपाठी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराना आवश्यक है। उन्होंने आयोजन के लिए आयोजकों, प्रशिक्षकों, अभिभावकों एवं सभी सहयोगियों को बधाई दी।

वहीं, पलामू वूशु एसोसिएशन के सचिव सुमित वर्मन ने कहा कि अस्मिता खेलो इंडिया वूशु लीग का उद्देश्य बालिका खिलाड़ियों को एक प्रतिस्पर्धी मंच प्रदान करना और उनकी प्रतिभा को आगे लाना है। उन्होंने प्रतियोगिता में शामिल सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, अभिभावकों एवं अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

🏆 टीम चैंपियनशिप परिणाम

🥇 बेस्ट टीम विनर्स ट्रॉफी: वूशु एकेडमी
🥈 द्वितीय स्थान: सेंट मरियम्स स्कूल
🥉 तृतीय स्थान: विजयमति देवी मेमोरियल स्कूल, तुकबेरा
🏅 चतुर्थ स्थान: पोखराहा कला मध्य विद्यालय