9 सूत्री मांगों को लेकर नगर निगम कर्मियों ने किया कार्य बहिष्कार, वार्ता के बाद आंदोलन समाप्त

9 सूत्री मांगों को लेकर नगर निगम कर्मियों ने किया कार्य बहिष्कार, वार्ता के बाद आंदोलन समाप्त

गिरिडीह, 24 सितंबर। गिरिडीह नगर निगम में कर्मचारियों और मजदूरों की विभिन्न मांगों को लेकर गुरुवार को उस समय हलचल बढ़ गई, जब झारखंड लोकल बॉडीज एम्प्लाइज फेडरेशन की गिरिडीह शाखा के सदस्यों ने 9 सूत्री मांगों के समर्थन में कार्य बहिष्कार कर दिया। इसके बाद कर्मचारी नगर आयुक्त कार्यालय परिसर में धरने पर बैठ गए।

कार्य बहिष्कार का नेतृत्व फेडरेशन के जिला मंत्री लखन हरिजन ने किया। कर्मचारियों के धरने की जानकारी के बाद मामले को लेकर नगर निगम प्रशासन और फेडरेशन के पदाधिकारियों के बीच वार्ता आयोजित की गई। फेडरेशन के राज्य अध्यक्ष अशोक कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई वार्ता में नगर निगम की महापौर, नगर आयुक्त, उप नगर आयुक्त और लेखा पदाधिकारी समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

वार्ता के दौरान कर्मचारियों की 9 सूत्री मांगों और उनसे जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। दोनों पक्षों के बीच बातचीत सौहार्दपूर्ण माहौल में हुई, जिसके बाद फेडरेशन ने कार्य बहिष्कार समाप्त करने का निर्णय लिया। आंदोलन समाप्त होने के बाद कर्मचारी अपने-अपने कार्य पर लौट गए।

फेडरेशन की ओर से बताया गया कि वार्ता के बाद कर्मचारियों ने काम पर वापस लौटने पर सहमति जताई है। हालांकि, संगठन ने अपनी मांगों को लेकर आगे की स्थिति पर भी नजर बनाए रखने की बात कही।

वार्ता में लखन शर्मा, शम्भू कुमार सिंह, सबीर अंसारी, अशोक हाड़ी, आकाश हाड़ी, राज कुमार वर्मा, नगर प्रबंधक मंजूर आलम, आशा हाजिन, सोमरी हाजिन और मीरा हाजिन समेत अन्य लोग मौजूद रहे।