गिरिडीह पुलिस का बड़ा एक्शन, 105 गुम मोबाइल बरामद कर मालिकों को लौटाए
गिरिडीह पुलिस का बड़ा एक्शन: 105 लोगों के चेहरे पर लौटी मुस्कान, बरामद कर लौटाए गुम हुए मोबाइल
गिरिडीह पुलिस ने आम लोगों के लिए चलाए जा रहे ‘आपका मोबाइल, फिर से आपका’ अभियान के तहत एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस केंद्र, गिरिडीह में आयोजित विशेष कार्यक्रम के दौरान 105 बरामद किए गए गुम और खोए मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंपे गए।
गिरिडीह पुलिस की विशेष तकनीकी टीम ने तकनीकी अनुसंधान और त्वरित कार्रवाई के जरिए इन मोबाइल फोन को बरामद किया। मोबाइल वापस मिलने के बाद लोगों के चेहरों पर खुशी साफ नजर आई। लाभार्थियों ने गिरिडीह पुलिस की इस पहल और तत्परता के लिए आभार जताया।
इस मौके पर पुलिस अधीक्षक डॉ विमल कुमार पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय नीरज सिंह समेत कई पुलिस पदाधिकारी और कर्मी मौजूद रहे।
गिरिडीह पुलिस के अनुसार, ‘आपका मोबाइल, फिर से आपका’ अभियान के तहत अब तक 1000 से अधिक गुम और खोए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को लौटाए जा चुके हैं।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक ने कहा कि आम नागरिकों की शिकायतों का त्वरित निष्पादन और उनकी खोई हुई संपत्ति को सुरक्षित वापस दिलाना पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि मोबाइल बरामदगी का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
गिरिडीह पुलिस की इस कार्रवाई से जहां लोगों को उनकी खोई संपत्ति वापस मिली, वहीं पुलिस-पब्लिक के बीच भरोसे को भी और मजबूती मिली है।

