रांची में खराब मौसम का असर, चार उड़ानें डायवर्ट; यात्रियों को हुई परेशानी
रांची में शुक्रवार को खराब मौसम का असर हवाई सेवा पर भी पड़ा। तेज बारिश और हवा के कारण रांची एयरपोर्ट पर आने वाली कई उड़ानों का संचालन प्रभावित हुआ। मौसम की स्थिति को देखते हुए इंडिगो और एयर इंडिया एक्सप्रेस की कुल चार फ्लाइट को रांची के बजाय दूसरे एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट किया गया। इनमें पुणे-रांची और दिल्ली-रांची की इंडिगो फ्लाइट को बनारस भेजा गया, जबकि कोलकाता-रांची फ्लाइट वापस कोलकाता लौट गई। वहीं, मुंबई-रांची की एयर इंडिया एक्सप्रेस फ्लाइट को भी कोलकाता डायवर्ट किया गया।
इसके अलावा एयर इंडिया एक्सप्रेस की दिल्ली-रांची फ्लाइट को री-शेड्यूल किया गया। पहले इस फ्लाइट के सुबह 8:25 बजे रांची पहुंचने का समय निर्धारित था, लेकिन मौसम की स्थिति को देखते हुए इसके करीब 10:10 बजे पहुंचने की संभावना जताई गई। खराब मौसम के कारण यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। यात्रियों को अपनी फ्लाइट के ताजा समय और स्थिति की जानकारी संबंधित एयरलाइन से लेते रहने की सलाह दी गई है।

