खजूरी-अवका मार्ग व पुलिया निर्माण की मांग को लेकर महापंचायत, आंदोलन की चेतावनी
खजूरी-अवका मार्ग व पुलिया निर्माण की मांग को लेकर महापंचायत, आंदोलन की चेतावनी
पांकी। पलामू जिले के पांकी प्रखंड अंतर्गत ताल पंचायत में खजूरी और अवका गांव के बीच पिछले दो दशकों से जर्जर सड़क एवं पुलिया के नवनिर्माण और मरम्मत की मांग को लेकर रविवार को ग्रामीणों ने महापंचायत का आयोजन किया। पंचायत की मुखिया अनीता लोहरा और समाजसेवी उमेश यादव के नेतृत्व में आयोजित महापंचायत में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।
महापंचायत में ग्रामीणों ने सड़क और पुलिया की जर्जर स्थिति से उत्पन्न समस्याओं पर चर्चा की। इसके बाद पलामू उपायुक्त और क्षेत्रीय विधायक डॉ. शशि भूषण कुशवाहा को लिखित ज्ञापन सौंपकर तत्काल निर्माण एवं मरम्मत कार्य शुरू कराने की मांग की गई।
ग्रामीणों के अनुसार, वर्ष 1992-93 में उक्त सड़क और पुलिया का निर्माण कराया गया था। वर्ष 2003 में आई भीषण बाढ़ के दौरान पुलिया से सटे सड़क का बड़ा हिस्सा बह गया। इसके बाद से अब तक सड़क की स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हो सका है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों से गुहार लगाने तथा आश्वासन मिलने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ।
दर्जनों गांवों का आवागमन प्रभावित
मुखिया अनीता लोहरा समेत ग्रामीणों ने बताया कि सड़क और पुलिया के क्षतिग्रस्त होने से खजूरी, मतुली, जोबला, अवका और प्रसांगन समेत दर्जनों गांवों के लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। बारिश के मौसम में स्थिति और गंभीर हो जाती है। स्कूली बच्चों, मरीजों और ग्रामीणों को आने-जाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों ने जर्जर पुलिया के कारण पूर्व में दुर्घटनाएं होने की बात भी कही।
ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग का निर्माण होने से पांकी और लातेहार जिले के मनिका क्षेत्र के बीच आवागमन सुगम होगा तथा दूरी भी कम होगी।
भूमि विवाद की जांच की मांग
महापंचायत में ग्रामीणों ने सड़क एवं पुलिया की जमीन से जुड़े कथित भूमि विवाद का मुद्दा भी उठाया। ग्रामीणों के अनुसार, गांव का एक व्यक्ति उक्त भूमि को अपनी रैयती जमीन बताते हुए निर्माण कार्य में बाधा उत्पन्न कर रहा है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने और यदि कोई अवैध अवरोध हो तो उसे हटाने की मांग की।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
समाजसेवी उमेश यादव ने ग्रामीणों की मांग को जायज बताते हुए कहा कि क्षेत्र के विकास और लोगों की सुरक्षा के लिए सड़क एवं पुलिया का निर्माण आवश्यक है। उन्होंने निर्माण कार्य के लिए व्यक्तिगत स्तर पर भी हरसंभव सहयोग करने की बात कही।
महापंचायत में पंचायत समिति सदस्य दासु सिंह, उपमुखिया लक्ष्मण यादव, मनोज सिंह, धर्मदेव सिंह, मुनीफ सिंह, बैजनाथ सिंह, रामलाल सिंह, पूरन सिंह, विनोद सिंह, पारो देवी, मंजू देवी, विनोद राम, इंद्रदेव सिंह समेत सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित थे।



