गिरिडीह में SIR की अंतिम तिथि बढ़ी, अब 30 सितंबर तक दावा-आपत्ति का मौका
गिरिडीह। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत जिले में चल रही गतिविधियों और आगामी प्रक्रिया को लेकर आज समाहरणालय सभागार में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव की अध्यक्षता में सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक हुई।
बैठक में जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि निर्वाचन आयोग द्वारा दावा एवं आपत्ति प्राप्त करने की अंतिम तिथि 15 सितंबर 2026 से बढ़ाकर 30 सितंबर 2026 कर दी गई है। वहीं, मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 19 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा। विस्तारित अवधि का उद्देश्य पात्र नागरिकों को आवश्यक दावा अथवा आपत्ति दर्ज कराने के लिए पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराना है।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने प्रपत्र-6, 7 एवं 8 की विस्तृत जानकारी दी। प्रपत्र-6 के माध्यम से 01 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले या 18 वर्ष से अधिक आयु के पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज करा सकते हैं। अब तक जिले में 44,025 प्रपत्र-6 प्राप्त हुए हैं। प्रपत्र-7 मतदाता सूची से नाम विलोपन हेतु उपयोग किया जाता है, जिसमें अब तक 364 आवेदन मिले हैं। प्रपत्र-8 मतदान केंद्र या मतदाता विवरण में परिवर्तन के लिए प्रयुक्त होता है, जिसकी संख्या 46,339 है।
बैठक में बताया गया कि जिले के छह विधानसभा क्षेत्रों में कुल 2,586 मतदान केंद्र हैं। SIR-2026 के तहत अब तक 4,81,103 नोटिस जारी किए गए हैं। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से प्रपत्र-6 की संख्या बढ़ाने में सहयोग की अपेक्षा की।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव ने नागरिकों से अपील की कि SIR से संबंधित अफवाहों पर ध्यान न दें और सही जानकारी के लिए केवल निर्वाचन विभाग के अधिकृत माध्यमों एवं संबंधित BLO से संपर्क करें। पात्र नागरिक निर्धारित समय-सीमा के भीतर संबंधित प्रपत्र के माध्यम से आवेदन करें।

