हथियार के बल पर परिवार को बंधक बनाकर घर में लूट

हथियार के बल पर परिवार को बंधक बनाकर घर में लूट

1.20 लाख रुपये नकद और करीब दो लाख के आभूषण लेकर फरार हुए अपराधी, गांव में दहशत

गिरिडीह। जिले के बगोदर थाना क्षेत्र के घाघरा गांव में देर रात हथियारबंद अपराधियों ने एक घर में घुसकर लूटपाट की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। अपराधियों ने गृहस्वामी समेत परिवार के सभी सदस्यों को हथियार का भय दिखाकर बंधक बना लिया और घर में रखे करीब 1 लाख 20 हजार रुपये नकद तथा लगभग दो लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, देर रात करीब चार की संख्या में नकाबपोश अपराधी घाघरा गांव निवासी त्रिभुवन भुइया के घर पहुंचे। घर में प्रवेश करने के बाद अपराधियों ने परिवार के सदस्यों को एक-एक कर नींद से जगाया और हथियार का भय दिखाकर सभी के हाथ गमछे से बांध दिए।

परिवार के सदस्यों को बंधक बनाने के बाद अपराधियों ने पूरे घर की तलाशी ली। इस दौरान घर में रखा कमेटी का करीब 1 लाख 20 हजार रुपये नकद और लगभग दो लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण अपने कब्जे में ले लिए। लूटपाट के बाद सभी अपराधी मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद परिवार के सदस्यों ने किसी तरह खुद को मुक्त कराया और आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। लूट की खबर फैलते ही गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर बगोदर-सरिया अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी धनंजय कुमार राम, सरिया इंस्पेक्टर एवं बगोदर थाना प्रभारी राजेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली।

पुलिस अधिकारियों ने पीड़ित परिवार से पूछताछ कर अपराधियों के आने-जाने के रास्ते सहित घटना से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की जांच की। अपराधियों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है।

इधर, घटना की जानकारी मिलने के बाद बगोदर के पूर्व विधायक विनोद कुमार सिंह भी घाघरा गांव पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। मौके पर उप प्रमुख हरेंद्र कुमार सिंह, मुखिया प्रतिनिधि लक्ष्मण महतो सहित कई ग्रामीण मौजूद थे।

हथियार के बल पर परिवार को बंधक बनाकर लूट की घटना से ग्रामीणों में भय और आक्रोश है। ग्रामीणों ने पुलिस से अपराधियों की जल्द पहचान कर गिरफ्तारी करने की मांग की है। वहीं, घटना के बाद पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।