27 साल बाद कारगिल शहीद प्रबोध महतो की प्रतिमा स्थापित, पूर्व सैनिक सेवा परिषद ने देरी पर जताई नाराजगी
अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद ने कारगिल शहीद प्रमोद महतो के गांव में उनके प्रतिमा स्थापित करने में हुए विलम्ब पर नाराजगी व्यक्त किया।
कारगिल युद्ध में देश के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर सपूत शहीद प्रबोध महतो को 27 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद आखिरकार उनके पैतृक गांव में सच्ची श्रद्धांजलि मिली। रविवार, 06 सितंबर 2026 को उनके पैतृक गांव में “कारगिल शहीद समिति और ग्रामीण जनता” के सहयोग से उनका प्रतिमा स्थापित किया गया। प्रतिमा का अनावरण शहीद की वीर नारी पुष्पम देवी के करकमलों द्वारा किया गया। इस भावुक क्षण में जहां पूरे गांव की आंखें नम थीं, वहीं प्रतिमा स्थापना में हुई 27 साल की देरी को लेकर अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, पलामू ने प्रशासन और सिस्टम के प्रति गहरी नाराजगी प्रकट की। शहीद प्रबोध महतो वर्ष 1999 में कारगिल युद्ध के दौरान दुश्मन से लोहा लेते हुए वीरगति को प्राप्त हुए थे। शहादत के 27 साल बाद भी गांव में उनकी प्रतिमा स्थापित नहीं हो सकी थी।
अनावरण के बाद सभा को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद पलामू के जिला अध्यक्ष दामोदर मिश्र ने कहा कि “यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और शर्मनाक है कि एक कारगिल योद्धा को अपने ही गांव में सम्मान के लिए 27 साल इंतजार करना पड़ा। शहीद प्रबोध ने देश के लिए सबसे बड़ी कुर्बानी दी, लेकिन उसे समय पर सम्मान न देना सिस्टम की लापरवाही है। परिषद इसकी कड़ी निंदा करती है और मांग करती है कि शहीद के नाम पर तूकेबेरा के स्कूल या मुख्य सड़क का नामकरण किया जाए।” अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, पलामू के प्रतिनिधि मंडल भी प्रतिमा अनावरण समारोह में शामिल रही और परिषद के तरफ से प्रतिमा स्थापित करवाने वाली “कारगिल शहीद समिति और ग्रामीण जनता” को आर्थिक सहायता भी प्रदान किया गया।
प्रतिमा अनावरण समारोह में अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, पलामू के प्रतिनिधि मंडल में जिलाध्यक्ष दामोदर मिश्र, कोषाध्यक्ष दयाशंकर शर्मा, कार्यकारी अध्यक्ष शंभू नाथ सिंह, महासचिव सुनील कुमार सिंह, बैजनाथ पाल, महावीर प्रसाद पाल, प्रेम शंकर, मुक्तेश्वर कुमार, रणधीर तिवारी, सुधीर चौबे, प्रेमचंद शुक्ल, अशोक कुमार दुबे, कामाख्या नारायण सिंह, अशोक कुमार मेहता, एस एन पाठक, प्रदीप कुमार, योगेंद्र नाथ दुबे, निरंजन सिंह, विश्व हिंदू परिषद, पलामू से जिला मंत्री अमित तिवारी, सह मंत्री विवेक सिंह, बजरंग दल, पलामू से जिला संयोजक संदीप प्रसाद गुप्ता, विकाश कुमार कश्यप आदि की सहभागिता रही।



