रंग यात्रा में कलाकारों ने बिखेरा जलवा, विविध वेशभूषा में दिखी कला-संस्कृति की झलक
रंग यात्रा में कलाकारों ने बिखेरा जलवा
अलग अलग वेशभूषा में किया कला का प्रदर्शन
गिरिडीह: द रंग के बैनर तले आयोजित अखिल भारतीय नाट्य व नृत्य प्रतियोगिता के दूसरे दिन शहर में भव्य रंग यात्रा निकाली गई। इस रंग यात्रा का उद्घाटन रेड क्रॉस के चेयरमेन व द रंग के मुख्य संरक्षक अरविंद कुमार ने फीता काटकर किया। सवेरा सिनेमा हॉल परिसर से निकली रंग यात्रा में इस प्रतियोगिता में भाग लेने विभिन्न राज्यों से आए कलाकारों ने अलग अलग वेशभूषा में अपनी अपनी कलाओं का प्रदर्शन किया। रंग यात्रा मकतपुर, काली बाड़ी, टावर चौक, मधुबन वेजिस, बरगंडा मोड़, विश्वनाथ मंदिर होते हुए वापस कार्यक्रम स्थल पहुंचकर समाप्त हुआ। इस रंग यात्रा में उतर प्रदेश के आजमगढ़, एहसास ग्रुप धनबाद (झारखंड), आह्वान ग्रुप ओडिसा, ज्ञानोदय ओडिसा, कानपुर, शाहजहाँपुर, अभिनायक रंग मंच दिल्ली, आसाम, मणिपुर, मुंबई, जाह्नवी संस्कृति मंच कोलकाता, हरियाणा, बिहार समेत अन्य राज्यों की टीम शामिल हुई। कलाकारों के स्वागत व सम्मान के लिए जगह जगह शीतल पेय, जूस व बिस्किट फल आदि की व्यवस्था की गई थी। बेहतर वेश भूषा व अभिनय के आधार पर आजमगढ़ को प्रथम, एहसास ग्रुप धनबाद को द्वितीय व ज्ञानोदय ओडिशा की टीम को तीसरा स्थान दिया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में द रंग टीम के सदस्यों ने अहम भूमिका निभाई।

