पीएम श्री शारदा कन्या मध्य विद्यालय में श्रद्धा और उत्साह से मना शिक्षक दिवस
पीएम श्री शारदा कन्या मध्य विद्यालय में श्रद्धा और उत्साह से मना शिक्षक दिवस
गिरिडीह। देश के पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के अवसर पर शनिवार को पीएम श्री शारदा कन्या मध्य विद्यालय, पचंबा में शिक्षक दिवस समारोह उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. राधाकृष्णन की तस्वीर पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर की गई। प्रधानाध्यापक अशोक कुमार मिश्रा ने श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। शिक्षिकाओं माया मरियम हंसदा, पूनम कुमारी, एसएमसी अध्यक्ष सोनी देवी सहित अन्य सदस्यों ने भी पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
समारोह को संबोधित करते हुए प्रधानाध्यापक अशोक कुमार मिश्रा ने कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शिक्षक केवल किताबी ज्ञान नहीं देते, बल्कि विद्यार्थियों को सही दिशा, संस्कार और अच्छे-बुरे का फर्क समझाने का काम भी करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से मन लगाकर पढ़ाई करने, शिक्षकों का सम्मान करने और जीवन में अनुशासन एवं मेहनत को अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल देश के कर्णधार और राष्ट्र निर्माता बनेंगे।
इस अवसर पर छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला। बच्चों ने अपने गुरुजनों को नमन करते हुए शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं। शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व के बारे में बताते हुए बेहतर भविष्य के लिए निरंतर मेहनत करने को प्रेरित किया। विद्यालय परिवार ने डॉ. राधाकृष्णन के आदर्शों को याद करते हुए शिक्षा के माध्यम से समाज और राष्ट्र को मजबूत बनाने तथा विद्यार्थियों को सही मार्गदर्शन देने का संकल्प लिया। समारोह का माहौल गुरु-शिष्य परंपरा, सम्मान और श्रद्धा से ओत-प्रोत रहा।

