नाबालिग से छेड़छाड़ मामले में भाजपा ने की कार्रवाई की मांग, पचंबा में लाठीचार्ज को लेकर भी उठाए सवाल
नाबालिग से छेड़छाड़ मामले में भाजपा ने की कार्रवाई की मांग, पचंबा में लाठीचार्ज को लेकर भी उठाए सवाल
गिरिडीह। पचंबा थाना क्षेत्र में नाबालिग से कथित छेड़छाड़ और इसके बाद हुए लाठीचार्ज का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। मामले को लेकर भाजपा ने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। भाजपा नेताओं का आरोप है कि छेड़छाड़ के मामले के बाद आरोपी युवक और उसके परिजनों की ओर से पीड़िता के परिवार को कथित तौर पर डराने-धमकाने का प्रयास किया जा रहा है।
भाजपा जिलाध्यक्ष रणजीत कुमार राय ने कहा कि नाबालिग बच्ची के साथ लगातार छेड़छाड़ किए जाने की शिकायत सामने आ रही थी। इसी को लेकर भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोग पीड़िता के परिवार के साथ खड़े होने पहुंचे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि इसी दौरान अंधेरे का फायदा उठाकर मारपीट की गई, जिसमें भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं, वार्ड पार्षद संजीव सिंह गुड्डू समेत कई लोगों के घायल होने की बात कही जा रही है। भाजपा ने आरोपी युवक और उसके परिजनों द्वारा कथित धमकी के मामले में भी कार्रवाई की मांग की है।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि वे लोग विवाद बढ़ाने के लिए नहीं, बल्कि पीड़ित परिवार के साथ खड़े होने के लिए पहुंचे थे। उन्होंने पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने, मारपीट में शामिल लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने और पीड़िता व उसके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। वहीं, मामले में पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

