झारखंड में बढ़ा स्वाइन फ्लू का खतरा, H1N1 संक्रमितों की संख्या 41 पहुंची

झारखंड में बढ़ा स्वाइन फ्लू का खतरा, H1N1 संक्रमितों की संख्या 41 पहुंची

रांची। झारखंड में स्वाइन फ्लू यानी H1N1 संक्रमण के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। रांची की निजी लैब माइक्रोप्रैक्सिस ने दो नए मामलों की पुष्टि की है। इसके साथ ही राज्य में संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 41 हो गई है। इनमें 38 मरीज रांची और 3 मरीज जमशेदपुर के बताए जा रहे हैं। रांची में मिले संक्रमितों में 20 बच्चे शामिल हैं।

हालांकि, रिम्स के माइक्रोबायोलॉजी विभाग में जांच किए गए चार संदिग्ध मरीजों के सैंपल निगेटिव आए हैं। संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए रिम्स की ओपीडी और टीबी-चेस्ट विभाग के बाहर मरीज और उनके परिजन मास्क लगाकर सावधानी बरतते नजर आ रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग ने भी स्थिति पर निगरानी बढ़ा दी है और संक्रमण को लेकर सतर्कता बरती जा रही है।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, H1N1 जैसे संक्रमण के लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए और चिकित्सकीय सलाह लेना जरूरी है। खासकर बच्चों और अन्य संवेदनशील लोगों के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।