पटिया निर्माण कार्य का शिलान्यास, 4.33 लाख रुपये होंगे खर्च
पटिया निर्माण कार्य का शिलान्यास, 4.33 लाख रुपये होंगे खर्च
हरिहरगंज (पलामू)। हरिहरगंज ब्लॉक परिसर में शुक्रवार को पटिया निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। नगर पंचायत अध्यक्ष कुमारी शीला चौधरी, उपाध्यक्ष सुशील रवि, वार्ड पार्षद बृजनंदन साव उर्फ बाबू भाई एवं विधायक प्रतिनिधि महेंद्र यादव ने पूजा-अर्चना कर नारियल फोड़कर निर्माण कार्य की शुरुआत की।
इस मौके पर नगर पंचायत अध्यक्ष कुमारी शीला चौधरी ने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र के कई स्थानों पर नालियों की पटिया टूट चुकी हैं। इससे आए दिन छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं होती रहती हैं और लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है। लोगों की समस्याओं को देखते हुए पटिया निर्माण कार्य की स्वीकृति दी गई है।
उन्होंने बताया कि योजना की प्राक्कलित राशि 6 लाख 370 रुपये, जबकि स्वीकृत राशि 4 लाख 331 रुपये है। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद नगर पंचायत क्षेत्र में जहां-जहां पटिया टूटी हुई हैं, वहां नई पटिया लगाई जाएगी। इससे दुर्घटनाओं पर रोक लगेगी और लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी।
नगर पंचायत अध्यक्ष ने संवेदक नसीमा खातून को प्राक्कलन के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण एवं मजबूत पटिया निर्माण कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाना चाहिए।
मौके पर समाजसेवी जानू चौधरी, सिटी मैनेजर नजीबुल्लाह अंसारी, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि महताब सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
पलामू, हरिहरगंज संवाददाता — मनोज कुमार गुप्ता



