ग्रामीणों की सूचना पर बजरंग दल ने 20 से अधिक गोवंश को रोका, दस्तावेज प्रस्तुत होने पर किया मुक्त

ग्रामीणों की सूचना पर बजरंग दल ने 20 से अधिक गोवंश को रोका, दस्तावेज प्रस्तुत होने पर किया मुक्त

खूंटी/कर्रा। कर्रा प्रखंड के घासीबाड़ी क्षेत्र में ग्रामीणों की सूचना पर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने पैदल ले जाए जा रहे 20 से अधिक गोवंश को रोककर मामले की जानकारी ली। सूचना मिलने के बाद बजरंग दल के जिला संयोजक कर्मवीर महतो के नेतृत्व में कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे। इस दौरान कर्रा पुलिस की मौजूदगी में गोवंश के परिवहन से संबंधित दस्तावेजों की जांच की गई।

जांच के दौरान संबंधित लोगों द्वारा बाजार समिति, जलटंडा से जारी दस्तावेज प्रस्तुत किए गए। दस्तावेजों की जांच के बाद गोवंश को मुक्त कर दिया गया।

बजरंग दल के जिला संयोजक कर्मवीर महतो ने कहा कि ग्रामीणों की सूचना को गंभीरता से लेते हुए कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि गोवंश के परिवहन के नाम पर यदि कोई व्यक्ति नियमों का उल्लंघन करता है अथवा अवैध तस्करी में संलिप्त पाया जाता है, तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।

उन्होंने प्रशासन से गोवंश के अवैध परिवहन एवं तस्करी से जुड़े मामलों की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की मांग की। साथ ही ग्रामीणों से संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल प्रशासन को देने की अपील की।

मौके पर जिला संयोजक कर्मवीर महतो के अलावा मनोरंजन स्वंशी, निशांत कुमार, ओम ठाकुर, प्रेम कुमार, रोहित सिंह, रोशन कुमार समेत बजरंग दल के अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

— बजरंग दल, खूंटी