विद्यार्थियों की जरूरतों को समझने लाइब्रेरी और साइंस सेंटर पहुंचे डीडीसी अनिमेष रंजन

विद्यार्थियों की जरूरतों को समझने लाइब्रेरी और साइंस सेंटर पहुंचे डीडीसी अनिमेष रंजन

गुमला। जिले के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराने और पढ़ाई के साथ उन्हें व्यवहारिक एवं अनुभव आधारित शिक्षा से जोड़ने के उद्देश्य से जिला प्रशासन लगातार प्रयास कर रहा है। इसी क्रम में बुधवार को उप विकास आयुक्त अनिमेष रंजन ने गुमला सदर स्थित बिरसा मुंडा लाइब्रेरी, सावित्री बाई फुले लाइब्रेरी और साइंस सेंटर का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान डीडीसी ने पुस्तकालय में पढ़ाई कर रहे विद्यार्थियों से सीधे संवाद किया और उनकी पढ़ाई, उपलब्ध संसाधनों, बैठने की व्यवस्था, अध्ययन के माहौल तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से जुड़ी जरूरतों की जानकारी ली। विद्यार्थियों ने भी अपनी समस्याओं और आवश्यकताओं से डीडीसी को अवगत कराया।

डीडीसी ने विद्यार्थियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बेहतर शैक्षणिक परिणाम के लिए विद्यालयों में पढ़ाई के साथ-साथ विद्यार्थियों को ऐसा वातावरण देना जरूरी है, जहां वे स्वतंत्र रूप से अध्ययन कर सकें और अपनी जिज्ञासाओं का समाधान खोज सकें।

उन्होंने कहा कि पुस्तकालय विद्यार्थियों के ज्ञानवर्धन और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए महत्वपूर्ण केंद्र हैं। इसलिए इनका अधिकतम उपयोग सुनिश्चित किया जाना चाहिए। विद्यार्थियों द्वारा बताई गई समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित पदाधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे।

वहीं, साइंस सेंटर के निरीक्षण के दौरान डीडीसी ने बच्चों में वैज्ञानिक सोच और जिज्ञासा विकसित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि विज्ञान को केवल किताबों के माध्यम से पढ़ने के बजाय प्रयोगों, मॉडलों और गतिविधियों के जरिए समझने से बच्चों की रुचि और समझ दोनों मजबूत होती हैं।

डीडीसी ने जिले के आवासीय विद्यालयों सहित अन्य विद्यालयों के विद्यार्थियों का साइंस सेंटर में नियमित शैक्षणिक भ्रमण कराने का निर्देश दिया। इसके लिए विद्यालयों और साइंस सेंटर के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया गया।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी प्रयोगात्मक एवं अनुभव आधारित शिक्षा से जोड़ना प्रशासन की प्राथमिकता है। साइंस सेंटर के नियमित भ्रमण से बच्चों में ‘क्यों’ और ‘कैसे’ जैसे सवाल पूछने की प्रवृत्ति विकसित होगी और उनमें वैज्ञानिक दृष्टिकोण मजबूत होगा।

जिला प्रशासन का उद्देश्य पुस्तकालयों को अध्ययन एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए उपयोगी केंद्र के रूप में विकसित करने के साथ-साथ साइंस सेंटर के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रयोगात्मक शिक्षा से जोड़ना है। इसी दिशा में डीडीसी ने अधिकारियों को विद्यार्थियों की जरूरतों को प्राथमिकता देते हुए दोनों पुस्तकालयों और साइंस सेंटर की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने का निर्देश दिया।