कांडी-मझिआंव मुख्य सड़क पर दो बाइकों में भीषण टक्कर, बुजुर्ग समेत दो गंभीर

कांडी-मझिआंव मुख्य सड़क पर दो बाइकों में भीषण भिड़ंत, बुजुर्ग समेत दो गंभीर रूप से घायल

कांडी (गढ़वा): कांडी थाना क्षेत्र अंतर्गत मझिआंव मुख्य सड़क पर विजय पेट्रोल पंप के समीप बुधवार दोपहर दो बाइकों के बीच हुई आमने-सामने की जोरदार टक्कर में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों की भारी भीड़ इकट्ठा हो गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार, हरिहरपुर ओपी क्षेत्र के गुड़ूर गांव निवासी 18 वर्षीय सोनू कुमार अपनी मोटरसाइकिल (संख्या JH 03AX 3543) पर सवार होकर कांडी बाजार से मझिआंव की ओर जा रहा था। इसी दौरान गाड़ा खुर्द गांव निवासी 60 वर्षीय सत्यानंद दुबे अपनी मोपेड से कांडी की तरफ आ रहे थे। जैसे ही दोनों विजय पेट्रोल पंप के पास पहुंचे, रफ्तार तेज होने के कारण दोनों वाहनों में सीधी भिड़ंत हो गई। इस हादसे में बुजुर्ग सत्यानंद दुबे और युवक सोनू कुमार दोनों सड़क पर गिरकर लहुलूहान हो गए।घटना की सूचना मिलते ही कांडी थाना प्रभारी मोहम्मद अशफाक आलम तुरंत अपने दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत कांडी उपस्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। अस्पताल में मौजूद चिकित्सक डॉ. अभिमन्यु कुमार ने दोनों गंभीर रूप से घायल मरीजों का प्राथमिक उपचार किया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है और मामले की छानबीन कर रही है।