राधा स्वामी संगठन पर पुलिस का शिकंजा! मुकेश के बाद अनीशा सिन्हा और सुबोध सिंह भी हिरासत में
राधा स्वामी संगठन पर पुलिस का शिकंजा! मुकेश के बाद अनीशा सिन्हा और सुबोध सिंह भी हिरासत में
गिरिडीह के पचंबा थाना क्षेत्र से राधा स्वामी संगठन से जुड़े कथित धोखाधड़ी के मामले में बड़ी कार्रवाई सामने आई है। पुलिस ने संगठन की मीडिया प्रभारी अनीशा सिन्हा और उनके सहयोगी सुबोध सिंह को भी हिरासत में लिया है। इससे पहले मंगलवार को संगठन के प्रदेश अध्यक्ष मुकेश सिन्हा को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई थी।
एक के बाद एक संगठन से जुड़े लोगों को हिरासत में लिए जाने के बाद पूरे मामले ने नया मोड़ ले लिया है। बताया जा रहा है कि लाभुकों से कथित रूप से रुपये लेने और बाद में उनसे संपर्क टूटने को लेकर पुलिस के पास शिकायतें पहुंची थीं। कई लाभुकों ने अपनी राशि वापस दिलाने और पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है।
जानकारी के मुताबिक, मुकेश सिन्हा और अनीशा सिन्हा के पटना में रहने की बात सामने आई थी। वहां से सोशल मीडिया के जरिए वे लाभुकों के सवालों का जवाब देने के साथ अपना पक्ष भी रखते थे। इसी बीच पुलिस की कार्रवाई तेज हुई और पहले मुकेश सिन्हा को हिरासत में लिया गया, जबकि अब अनीशा सिन्हा और सुबोध सिंह को भी पुलिस हिरासत में लिए जाने की सूचना है।
पुलिस हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ कर पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। लाभुकों की शिकायतों, कथित लेन-देन और संगठन से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच के बाद ही तस्वीर पूरी तरह साफ होगी।
फिलहाल पुलिस की पूछताछ जारी है और माना जा रहा है कि जांच आगे बढ़ने के साथ मामले में और भी अहम खुलासे हो सकते हैं।



