वार्ड-वार जनसमस्या अभियान शुरू करेगी माले, 5 सितंबर से जनता के बीच पहुंचेगा अभियान : राजेश सिन्हा
वार्ड-वार जनसमस्या अभियान शुरू करेगी माले, 5 सितंबर से जनता के बीच पहुंचेगा अभियान : राजेश सिन्हा
गिरिडीह: शहर की बुनियादी समस्याओं, नगर निगम की कार्यप्रणाली और आम लोगों की शिकायतों को लेकर भाकपा माले 5 सितंबर से वार्ड-वार जनसमस्या अभियान शुरू करेगी। अभियान के तहत पार्टी कार्यकर्ता प्रतिदिन एक से दो वार्डों में पहुंचकर स्थानीय लोगों से सीधे संवाद करेंगे और उनकी समस्याओं को लिखित रूप में दर्ज करेंगे।
माले की ओर से जारी अभियान की रूपरेखा के अनुसार, वार्ड नंबर 1 और वार्ड नंबर 36 से अभियान की शुरुआत की जाएगी। पार्टी कार्यकर्ता संबंधित वार्ड के लोगों से आवेदन प्राप्त करने के साथ-साथ वहां के वर्तमान एवं पूर्व जनप्रतिनिधियों से भी मुलाकात करेंगे। इसके माध्यम से यह जानने का प्रयास किया जाएगा कि वार्ड से कितनी शिकायतें या आवेदन नगर निगम को दिए गए, उनमें कितनों पर कार्रवाई हुई और कितने आवेदन अब भी लंबित हैं।
नाली से लेकर सफाई व्यवस्था तक उठेंगे सवाल
अभियान में शहर की नाली, गली, पेयजल, जलजमाव और घरों में गंदा पानी घुसने जैसी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया जाएगा। इसके अलावा नाली निर्माण, नाली को घरों से ऊंचा बनाए जाने, अतिक्रमण तथा खुली नालियों को लेकर भी नगर निगम से जवाब मांगा जाएगा।
माले ने सफाई व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल खड़े किए हैं। पार्टी का कहना है कि सफाई कर्मियों और आकांक्षा कर्मियों की संख्या, उनके मानदेय एवं सुरक्षा व्यवस्था की भी पड़ताल की जाएगी। साथ ही यह पता लगाया जाएगा कि कचरा उठाने के लिए कितनी गाड़ियां और कितने कर्मी उपलब्ध हैं और इसके बावजूद कई इलाकों से पूरा कचरा क्यों नहीं उठ पाता।
नगर निगम की योजनाओं और संसाधनों का भी मांगा जाएगा हिसाब
अभियान के दौरान आवास एवं शौचालय योजनाओं के लाभुकों की संख्या, जलजमाव वाले इलाकों, मच्छररोधी वाहन के संचालन, सार्वजनिक शौचालय, वाटर एटीएम, वाटर प्लांट, टोटो-ऑटो स्टैंड, बस स्टैंड और खंडोली पार्क सहित नगर निगम से जुड़े विभिन्न मुद्दों की भी पड़ताल की जाएगी।
माले ने खास तौर पर नगरपालिका से नगर निगम बनने के बाद सफाई कर्मियों की संख्या में कथित कमी का मुद्दा उठाते हुए इसका कारण जानने की बात कही है। वहीं करोड़ों रुपये की लागत से खरीदी गई गाड़ियों के खड़े रहने को लेकर भी सवाल उठाते हुए पार्टी ने इसके पीछे संभावित कमीशनखोरी की जांच की मांग की है।
हर वार्ड में बनाए जाएंगे 10 सक्रिय स्थानीय साथी
माले के मुताबिक, अभियान का उद्देश्य केवल समस्याओं को सूचीबद्ध करना नहीं, बल्कि जनता और नगर निगम के कर्मियों-अधिकारियों के बीच संवाद स्थापित कर समस्याओं के समाधान का दबाव बनाना और कथित भ्रष्टाचार को सामने लाना है।
पार्टी ने हर वार्ड से 10 सक्रिय स्थानीय साथियों को अभियान से जोड़ने की अपील की है। इसके लिए इच्छुक लोगों से नाम, मोबाइल नंबर और वार्ड नंबर उपलब्ध कराने को कहा गया है। माले के राजेश सिन्हा का कहना है कि अभियान में किसी भी राजनीतिक दल से जुड़े लोग, यदि अपने क्षेत्र की समस्याओं को लेकर सक्रिय हैं, तो वे इसमें शामिल हो सकते हैं।

