पांकी थाना रोड में शॉर्ट सर्किट से जला बिजली का तार, बाल-बाल टला बड़ा हादसा

पांकी थाना रोड में शॉर्ट सर्किट से जला बिजली का तार, बाल-बाल टला बड़ा हादसा

पांकी। थाना रोड में शुक्रवार सुबह बिजली के केबल तार में शॉर्ट सर्किट के बाद आग लग गई। आग लगने के बाद तार जलकर मुख्य सड़क पर गिरने लगा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और कुछ देर के लिए आवागमन भी बाधित रहा। बताया गया कि सड़क के एक ओर लगे बिजली के खंभे से ऊंची इमारत के सहारे दूसरी ओर बिजली का कनेक्शन वायर लाया गया है, जबकि उसके नीचे से 11 हजार वोल्ट का तार भी गुजर रहा है। शॉर्ट सर्किट के कारण केबल टूटकर 11 हजार वोल्ट के तार पर गिर गया और फिर सड़क पर आ गिरा। घटना सुबह के समय होने के कारण ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए तत्काल बिजली कनेक्शन कटवाया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि पांकी के चौक-चौराहों पर बिजली के तार जलकर सड़क पर गिरने की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं। बार-बार हो रही घटनाओं को लेकर बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद प्रखंड प्रमुख पंचम प्रसाद, जिला परिषद प्रतिनिधि मुकेश सिंह, चंदेल समाजसेवी नीरज गुप्ता समेत कई ग्रामीण मौके पर पहुंचे। लोगों ने बिजली विभाग से घटनास्थल का निरीक्षण कर क्षतिग्रस्त तारों को तत्काल दुरुस्त कराने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की मांग की। साथ ही केबल तार का कार्य कराने वाले संबंधित संवेदक या ठेकेदार के काम की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग भी उठाई गई। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो भविष्य में बड़ी दुर्घटना हो सकती है।