किस्मती कॉलेज के निदेशक लव कुमार सिंह की माता जानकी देवी का निधन
किस्मती कॉलेज के निदेशक लव कुमार सिंह की माता जानकी देवी का निधन
मेराल। किस्मती कॉलेज ऑफ नर्सिंग एंड फार्मेसी, मेराल के निदेशक लव कुमार सिंह की माता जानकी देवी का शनिवार की मध्य रात्रि बोकारो स्थित आवास पर अचानक हृदय गति रुक जाने से निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही परिवार, रिश्तेदारों, शुभचिंतकों, शिक्षण संस्थान से जुड़े लोगों और क्षेत्रवासियों में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकी देवी के निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मां की ममता, स्नेह और आशीर्वाद से परिवार को मिलने वाला संबल अचानक छिन जाने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। निधन की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में शुभचिंतक शोकाकुल परिवार से मिलने पहुंचे और अपनी संवेदना व्यक्त की।
परिजनों के अनुसार, जानकी देवी का अंतिम संस्कार छपरा स्थित गंगा घाट पर पूरे विधि-विधान के साथ किया गया। गंगा तट पर अंतिम संस्कार के दौरान माहौल बेहद गमगीन रहा। परिजनों, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी। उनके साथ बिताए पलों और मां की ममता को याद कर हर किसी की आंखें नम हो गईं।
जानकी देवी के निधन पर किस्मती कॉलेज ऑफ नर्सिंग एंड फार्मेसी, मेराल के शिक्षक-शिक्षकेत्तर कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं ने गहरा शोक व्यक्त किया। संस्थान परिवार ने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में धैर्य और शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।

