सिंहेश्वर मंदिर में सावन की अंतिम सोमवारी पर भगदड़ जैसी स्थिति, कई श्रद्धालु घायल
मधेपुरा के प्रसिद्ध सिंहेश्वर मंदिर में सावन की अंतिम सोमवारी पर भारी भीड़ के कारण सोमवार सुबह अफरातफरी मच गई। सुबह करीब 8 बजे जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ते ही धक्का-मुक्की शुरू हो गई और बैरिकेडिंग टूट गई। भगदड़ जैसी स्थिति में करीब आधा दर्जन श्रद्धालु घायल हो गए, जबकि भीड़ नियंत्रित करने के दौरान एक पुलिसकर्मी भी चोटिल हुआ। सभी घायलों को जेएनकेटी मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया। रविवार रात एक बजे से ही श्रद्धालु मंदिर पहुंचने लगे थे। हालात बिगड़ने पर डीएम, एसपी समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे और अतिरिक्त पुलिस बल की मदद से भीड़ को नियंत्रित कराया। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से शांति और धैर्य बनाए रखने की अपील की।

