खान एवं खनिज संशोधन विधेयक 2026 के खिलाफ झामुमो करेगा जोरदार जनआंदोलन

आंदोलन की तैयारी के लिए बैठक आयोजित

फोटो : बैठक में शामिल झामुमो पदाधिकारी व कार्यकर्ता

गढ़वा: केंद्र सरकार की खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक 2026 के खिलाफ झामुमो जोरदार जनआंदोलन करेगा। इसके लिए केंद्रीय समिति के निर्देशानुसार सोमवार को झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री झामुमो के केंद्रीय महासचिव मिथिलेश कुमार ठाकुर के गढ़वा स्थित आवास पर पार्टी की एक बैठक आयोजित की गई। जिला अध्यक्ष शंभू राम की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक 2026 के खिलाफ जनआंदोलन की तैयारी तथा जिले में संगठन की स्थिति की समीक्षा की गई। इस दौरान पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने विधेयक के विभिन्न प्रावधानों पर विस्तृत चर्चा की। बैठक का संचालन जिला सचिव मो. शरीफ अंसारी ने किया।
बैठक में झारखण्ड सरकार द्वारा चलाई जा रही मईंया सम्मान योजना, मुफ्त बिजली जैसी विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं पर संभावित प्रभाव को लेकर लोगों के बीच व्यापक जागरूकता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। साथ ही पार्टी कार्यकर्ताओं कोरबूथ स्तर तक जनजागरण अभियान चलाकर आम लोगों को विधेयक के संभावित दुष्परिणामों की जानकारी देने, अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ने, इसके लिए 30 अगस्त 2026 तक बूथ स्तर पर व्यापक जनजागरण अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही सात सितंबर को जिले के सभी प्रखंड मुख्यालयों में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक 2026 के खिलाफ एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित करने का निर्णय लिया गया। मौके पर वक्ताओं ने कहा कि विधेयक के प्रावधानों का आम जनता एवं राज्य के हितों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। झारखंड मुक्ति मोर्चा झारखंड एवं झारखंड वासियों के हितों की रक्षा करने के लिए प्रतिबद्ध है।
इसके लिए झामुमो किसी भी हद तक आंदोलन करने को तयार है। पार्टी के सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों से एकजुट होकर धरना-प्रदर्शन को व्यापक एवं सफल बनाने के लिए जोर-शोर से तैयारी करने का आह्वान किया गया। बैठक में वर्ग संगठनों एवं पार्टी के सभी मोर्चों को और अधिक मजबूत करने तथा संगठन को धारदार एवं जनहित के मुद्दों पर सक्रिय बनाने को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में मुख्य रूप से जवाहर पासवान, ताहिर अंसारी, नितेश सिंह, मुक्तेश्वर पाण्डेय, तनवीर आलम खान, मनोज ठाकुर, मो. फरीद, अंजलि गुप्ता, चंदन जायसवाल, कामता प्रसाद, लल्लू राम, फुजैल अहमद, कामेश्वर चौधरी, रतन सिंह खरवार, जे.पी. मिंज, धन्नजय तिवारी, संजय सिंह उर्फ छोटू, ददन रेडी, फखरे आलम, शांति देवी, रंजनी कुमारी, अराधना सिंह, कांति देवी, विशेश्वर मेहता, दिनदयाल पासवान, अमरनाथ पाण्डेय, ललेश्वर जी, हरेन्द्र चौधरी, मो. रसीद, हरिओम यादव सहित काफी संख्या में पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित थे।