हरिहरगंज में वज्रपात की चपेट में आए दो युवक, एक की मौत, दूसरा अस्पताल में भर्ती

हरिहरगंज में वज्रपात की चपेट में आए दो युवक, एक की मौत, दूसरा अस्पताल में भर्ती

हरिहरगंज संवाददाता मनोज कुमार गुप्ता। हरिहरगंज प्रखंड क्षेत्र के एकोनी गांव में बारिश से बचने के लिए पेड़ के नीचे खड़े दो युवक वज्रपात की चपेट में आ गए। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार, बारिश से बचने के लिए दोनों युवक महुआ के पेड़ के पास खड़े थे। इसी दौरान अचानक वज्रपात होने से दोनों इसकी चपेट में आ गए। घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को हरिहरगंज सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया।

चिकित्सा पदाधिकारी ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे का अस्पताल में इलाज जारी है। मृतक अपने परिवार का इकलौता पुत्र बताया जा रहा है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना से गांव में मातम पसरा हुआ है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।