पाइपलाइन के लिए काटी सड़क बनी हादसों का कारण, ग्रामीणों में नाराजगी

पाइपलाइन के लिए काटी सड़क अब तक नहीं हुई दुरुस्त, जान-माल का खतरा
केतार के कोल मोड़ के समीप पाइपलाइन बिछाने के लिए संवेदक द्वारा काटी गयी पक्की सड़क अब तक दुरुस्त नहीं करायी गयी है। सड़क काटे जाने के बाद बने गड्ढे में बारिश का पानी जमा होने से राहगीरों के लिए खतरा बढ़ गया है। सड़क की स्थिति ऐसी हो गयी है कि यहां कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, कोल मोड़ से कांडी की ओर जाने वाली सड़क पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन होता है। गड्ढे के कारण दोपहिया वाहन चालकों को विशेष परेशानी हो रही है। अचानक गड्ढा सामने आने पर वाहन चालक अनियंत्रित होकर दुर्घटना का शिकार हो सकते हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि पाइपलाइन का काम कराने वाले संवेदक ने सड़क तो काट दी, लेकिन अब तक उसकी मरम्मत नहीं करायी गयी है। इससे सड़क पर जान-माल का खतरा बना हुआ है। लोगों ने संबंधित विभाग और संवेदक से सड़क की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि समय रहते गड्ढे को दुरुस्त नहीं किया गया तो किसी बड़ी दुर्घटना के बाद इसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग और संवेदक की होगी।