गढ़वा गौशाला मामले में हाई कोर्ट की बड़ी राहत, एसी के आदेश पर रोक

गढ़वा एसी के श्रीकृष्ण गौशाला के विरूद्ध दिये गये आदेश पर हाई कोर्ट में दायर की गयी थी रिट याचिका

हाई कोर्ट ने गढ़वा एसी के आदेश पर लगायी रोक, एक सप्ताह के भीतर नोटिस देने का दिया है निर्देश

श्रीकृष्ण गौशाला के सदस्यों ने न्यायालय का जताया अभार

गढ़वा : श्रीकृष्ण गौशाला समिति गढ़वा के सदस्यों ने गौशाला की भूमि पर अवैध कब्जे से संबंधित झारखंड उच्च न्यायालय में दायर की गयी रिट याचिका के आलोक में आये फैसले का स्वागत किया है. गौशाला के सदस्यों ने एक बैठक कर झारखंड उच्च न्यायालय के पिछले दिन आये आदेश का अध्ययन किया और उसपर हर्ष व्यक्त किया, जिसमें उच्च न्यायालय ने विगत 23 मार्च 2024 के तत्कालीन गढ़वा अपर समाहर्ता के श्रीकृष्ण गौशाला के विरूद्ध दिये गये आदेश पर रोक लगाते हुये संबंधित पक्षों को एक सप्ताह के भीतर नोटिस देने का निर्देश दिया है. उल्लेखनीय है कि श्रीकृष्ण गौशाला के विभिन्न प्लॉटों का भू माफियाओं ने बीते कुछ वर्षों के अंदर गलत कागज बनवा लिया है. इस कागज के आधार पर वे गौशाला की भूमि पर या तो अवैध कब्जा कर बैठे हैं अथवा कब्जा करने के लिये लगातार प्रयासरत हैं. इसको लेकर श्रीकृष्ण गौशाला समिति के सचिव श्याम सुंदर प्रसाद ने झारखंड उच्च न्यायालय में एक रिट याचिका (5241/2026) दायर की थी. श्रीकृष्ण गौशाला समिति की ओर से अधिवक्ता संजय कुमार पांडेय और एके उपाध्याय की दलील पर सुनवाई करते हुये झारखंड उच्च न्यायालय के न्यायाधीश आनंद सेन की अदालत ने श्याम सुंदर प्रसाद बनाम झारखंड सरकार एवं अन्य के इस मामले में गढ़वा के तत्कालीन अपर समाहर्ता के आदेश पर रोक लगा दी है. साथ ही संबंधित पक्षों को एक सप्ताह के भीतर नोटिस देने का निर्देश दिया है. श्रीकृष्ण गौशाला समिति के सदस्यों ने बैठक में न्यायालय के प्रति भरोस जताते हुये द्वय अधिवक्ता संजय कुमार पांडेय व एके उपाध्याय तथा श्रीगौशाला समिति गढ़वा के कानूनी सलाहकार परेश तिवारी के प्रति आभार व्यक्त किया. बैठक में गौशाला के सभी उन प्लॉटों पर जिनपर अवैध कब्जा किया गया है अथवा अभी भी लोग गलत कागज दिखाकर कब्जा के लिये प्रयासरत हैं, सबके दस्तावेज के साथ संबंधित अदालतों में अधिवक्ता के माध्यम से अपना पक्ष रखने के लिये सदस्यों के बीच दायित्व का बंटवारा किया गया. बैठक में कहा गया कि भू माफियाओं ने कई स्थानीय अधिकारियों को भी गलत कागज दिखाकर उन्हें गुमराह करने का प्रयास किया है. इसको देखते हुये संबंधित पदाधिकारियों से सामूहिक रूप से मिलकर उन्हें दस्तावेज के साथ सही जानकारी देने का निर्णय लिया गया. बैठक में कई अन्य विंदुओं पर भी चर्चा की गयी. बैठक में कहा गया कि गौशाला के अधिकांश गायों के गर्भवती हो जाने से इस समय दूध की उपलब्धता काफी कम हो गयी है. इससे ग्राहकों को दूध नहीं मिल पा रहा है. साथ ही आय भी कम हो गयी है. इसको देखते हुये शीघ्र ही दो दुधारू गाय खरीदने का निर्णय लिया गया. बैठक में समय पर किराया नहीं देनेवाले दुकानदारों का किराया समय पर लेने तथा किराया नहीं देनेवाले दुकानदारों को नोटिस देकर या तो समय पर किराया देने अथवा दुकान खाली कराने का निर्णय लिया गया. बैठक में सर्वसम्मति से गौशाला परिसर में आगामी 15 अगस्त को पूर्वाह्न 11.50 बजे झंडोतोलन करने का निर्णय लिया गया. बैठक की अध्यक्षता अध्यक्ष विनोद पाठक ने तथा संचालन सचिव श्याम सुंदर प्रसाद ने किया. कार्यकारी अध्यक्ष उपेंद्र सिंह के धन्यवाद ज्ञापन के साथ बैठक का समापन किया गया. बैठक में उपाध्यक्ष घनश्याम प्रसाद उर्फ पुतुल, कोषाध्यक्ष नंदलाल प्रसाद, उप सचिव अरविंद पटवा, उप कोषाध्यक्ष प्रवीण जायसवाल, परामर्श दात्री सदस्य प्रो विवेकानंद उपाध्याय, विजय केसरी, अवधेश कुशवाहा, संतोष कुमार, मनोज पटनायक, रमेश कुमार पाठक, मृत्यंजय कुमार, विकेश सिंह, श्यामानंद पांडेय, मुखिया सुरेंद्र यादव, सुरेश अग्रवाल, मंतोष कुमार, सुरेश मेहता सहित कई लोग उपस्थित थे.