भाजपा पर झूठा प्रचार करने का आरोप, धीरज दुबे के समर्थन में उतरे झामुमो जिला उपाध्यक्ष वीरेंद्र साव
भाजपा पर झूठा प्रचार करने का आरोप, धीरज दुबे के समर्थन में उतरे झामुमो जिला उपाध्यक्ष वीरेंद्र साव
झामुमो के जिला उपाध्यक्ष वीरेंद्र साव ने गुरुवार को भाजपा जिला अध्यक्ष उदय कुशवाहा पर झामुमो प्रवक्ता धीरज दुबे के खिलाफ झूठा और भ्रामक प्रचार करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि झूठ, अफवाह और भ्रम फैलाना भाजपा की राजनीतिक संस्कृति का हिस्सा बन चुका है। वीरेंद्र साव ने कहा कि भाजपा द्वारा यह प्रचारित किया जा रहा है कि धीरज दुबे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की माता के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की है, जबकि यह आरोप पूरी तरह निराधार और तथ्यहीन है। उनके अनुसार, धीरज दुबे पार्टी के जिम्मेदार पदाधिकारी हैं और उन्होंने किसी भी व्यक्ति की माता के प्रति अपमानजनक भाषा का प्रयोग नहीं किया है।
वीरेंद्र साव ने कहा कि यदि भाजपा नेताओं को सच्चाई जाननी है तो उन्हें न्यूज़ 18 भारत पर प्रसारित संबंधित बहस का पूरा वीडियो देखना चाहिए। उनका दावा है कि उस बहस में धीरज दुबे द्वारा प्रधानमंत्री की माता के लिए किसी भी प्रकार की अभद्र भाषा का प्रयोग नहीं किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा जनता के वास्तविक मुद्दों से ध्यान भटकाने और राजनीतिक लाभ लेने के उद्देश्य से भ्रामक नैरेटिव गढ़ रही है। साथ ही उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से परिवार, विशेषकर माताओं को राजनीतिक विवादों से दूर रखने और तथ्य आधारित एवं स्वस्थ राजनीति करने की अपील की।

