नावाबाजार अंचल कार्यालय में भ्रष्टाचार का आरोप, धरना देकर CO की बर्खास्तगी की मांग
नावाबाजार (पलामू)। नावाबाजार अंचल कार्यालय में कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ गुरुवार को तेज बारिश के बीच एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन किया गया। धरने में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल युवा एकता मंच के पलामू जिलाध्यक्ष एवं छतरपुर-पाटन के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी संदीप सरकार ने अंचल कार्यालय की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने अंचलाधिकारी पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए राज्य सरकार और जिला प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा आरोप सही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
धरना-प्रदर्शन में विश्रामपुर के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी पुष्पराज, इटको के पूर्व मुखिया दीपक प्रसाद गुप्ता, पप्पू कुमार, राजू गुप्ता, पंकज कुमार यादव, सुधीर गुप्ता, ओमप्रकाश गुप्ता, गोविंद कुमार, राजेंद्र यादव और लखन राम समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं युवा शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने अंचल कार्यालय में आम लोगों के कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और भ्रष्टाचार से जुड़ी शिकायतों पर कार्रवाई की मांग की। हालांकि लगाए गए आरोपों पर अंचलाधिकारी का पक्ष सामने नहीं आया है।


