गिरिडीह में ‘पद्म भूषण दिशोम गुरु शिबू सोरेन चौक’ का उद्घाटन, पहली पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलि

गिरिडीह में ‘पद्म भूषण दिशोम गुरु शिबू सोरेन चौक’ का उद्घाटन, पहली पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलि

गिरिडीह। झारखंड आंदोलन के प्रमुख नेता और पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि पर गिरिडीह बस स्टैंड में ‘पद्म भूषण दिशोम गुरु शिबू सोरेन चौक’ का उद्घाटन नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने किया। इस दौरान आयोजित श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने झारखंड अलग राज्य आंदोलन, जल-जंगल-जमीन और आदिवासी-मूलवासी समाज के अधिकारों के लिए शिबू सोरेन के संघर्ष और योगदान को याद किया। जिला अध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि गुरुजी का सपना समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों को उनका हक और सम्मान दिलाना था।

श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि गुरुजी का पार्टी कार्यकर्ताओं से व्यक्तिगत संबंध था और उन्हें भुलाना आसान नहीं है। संबोधन के दौरान गुरुजी को याद करते हुए मंत्री भावुक हो गए। कार्यक्रम में मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने खड़े होकर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान बस स्टैंड परिसर ‘दिशोम गुरु अमर रहें’ और ‘शिबू सोरेन अमर रहें’ के नारों से गूंज उठा। उपस्थित लोगों ने उनके विचारों और आदर्शों पर चलते हुए झारखंड के विकास में योगदान देने का संकल्प लिया।

चौक के उद्घाटन के बाद मंत्री सुदिव्य कुमार सहित जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने शिबू सोरेन की तस्वीर पर पुष्प अर्पित किए। कार्यक्रम में गिरिडीह उपायुक्त रामनिवास यादव, पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार, उप विकास आयुक्त स्मिता कुमारी, नगर आयुक्त विजय सिंह बिरूआ, महापौर प्रमिला मेहरा, उपमहापौर सुमित कुमार, पूर्व विधायक केदार हाजरा और निजामुद्दीन अंसारी सहित बड़ी संख्या में झामुमो नेता, कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।