उत्कृष्ट बालिका विद्यालय में कथित अनियमितताओं की उच्चस्तरीय जांच की मांग, युवा आजसू ने DC को सौंपा ज्ञापन

उत्कृष्ट बालिका विद्यालय में कथित अनियमितताओं की उच्चस्तरीय जांच की मांग, युवा आजसू ने DC को सौंपा ज्ञापन

लातेहार। रिपोर्ट: अर्चना कुमारी। मुख्यमंत्री उत्कृष्ट बालिका विद्यालय, लातेहार में छात्राओं की ओर से उठाई गई शिकायतों और सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो को लेकर युवा आजसू ने मामले की उच्चस्तरीय, निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच की मांग की है। युवा आजसू के जिला प्रभारी मुकेश कुमार यादव के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर जांच पूरी होने तक प्रभारी प्रधानाध्यापिका को प्रशासनिक दायित्व से अलग रखने की मांग की। संगठन ने कहा कि जांच में आरोप सही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार विभागीय और कानूनी कार्रवाई की जाए।

ज्ञापन में छात्राओं को समय पर कॉपी-पुस्तक उपलब्ध नहीं कराने, शिकायत करने वाली छात्राओं को कथित तौर पर डराने-धमकाने, आईडी कार्ड एवं अन्य मदों के नाम पर कथित राशि वसूली और विद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्था से जुड़ी शिकायतों की जांच कराने की मांग की गई है। मुकेश कुमार यादव ने कहा कि संगठन किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि छात्राओं के अधिकार, सम्मान, सुरक्षा और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के पक्ष में खड़ा है। उन्होंने मांग की कि उपलब्ध वीडियो, अभिलेखों और अन्य साक्ष्यों की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट की जाए।

युवा आजसू ने चेतावनी दी कि मामले की जांच में अनावश्यक देरी या लीपापोती होने पर छात्रहित और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर जिलेभर में लोकतांत्रिक एवं चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल में प्रखंड प्रभारी लवकुश यादव, श्रीकांत पासवान और सतेंद्र भगत भी शामिल रहे। संगठन ने प्रशासन से छात्राओं की शिकायतों पर शीघ्र कार्रवाई कर विद्यालय में पारदर्शिता, जवाबदेही और सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करने की मांग की है।