मेराल में SIR को लेकर जनसुनवाई, 50 से अधिक लोगों ने जमा किए आवेदन और दस्तावेज
मेराल में एस.आई.आर को लेकर जनसुनवाई।
मेराल विशेष गहन पुनरीक्षण ( एस.आई.आर ) को लेकर सोमवार को मेराल में जनसुनवाई आयोजित की गई। जिसमें 50 से अधिक लोगों ने आवेदन के साथ आवश्यक दस्तावेज जमा किए। रंका प्रखंड के अंचल अधिकारी शिव पूजन तिवारी की मौजूदगी में प्राप्त आवेदनों और दस्तावेजों की जांच की गई। जनसुनवाई में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष आवेदक अपने दस्तावेज लेकर पहुंचे। अधिकारियों और कर्मियों ने बारी-बारी से आवेदनों की जांच करते हुए दस्तावेजों में दर्ज जानकारी का मिलान किया। इस दौरान आवश्यक अभिलेखों की उपलब्धता, दस्तावेजों में त्रुटि और संभावित विसंगतियों की भी जांच की गई। अंचल अधिकारी शिव पूजन तिवारी ने बताया कि एस.आई.आर से संबंधित प्राप्त आवेदनों और दस्तावेजों का नियमानुसार सत्यापन किया जा रहा है। दस्तावेजों की शुद्धता तथा प्रपत्र में दर्ज जानकारी के मिलान पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि पुनरीक्षण की प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से पूरी हो सके। जनसुनवाई में रंका अंचल सहायक शंकर पांडेय, कंप्यूटर ऑपरेटर अफसर अंसारी, रिजवान अंसारी समेत अन्य कर्मी मौजूद थे।

