नई राहें’ अभियान से नन्हे सपनों को मिला संबल, 50 जरूरतमंद बच्चों को बांटे स्कूल बैग

नई राहें’ अभियान से नन्हे सपनों को मिला संबल, 50 जरूरतमंद बच्चों को बांटे स्कूल बैग

पलामू। शिक्षा के प्रति बच्चों को प्रोत्साहित करने और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाने के उद्देश्य से प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी नारायण महतो की पहल पर ‘नई राहें’ अभियान के तहत स्कूल बैग का वितरण किया गया। ‘हर बच्चे के लिए शिक्षा’ के उद्देश्य से सुदूरवर्ती डबरा पंचायत के चेनयगिर, डबरा, गैठा, नावाडीह एवं तैनार गांवों के 50 जरूरतमंद बच्चों को स्कूल बैग दिए गए। नारायण महतो ने कहा कि समाज के सक्षम लोगों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़कर सहयोग करना चाहिए, ताकि संसाधनों के अभाव में कोई बच्चा पढ़ाई से वंचित न रहे।

कार्यक्रम में प्रखंड कृषि पदाधिकारी आलोक कुमार तिवारी ने कहा कि शिक्षा समाज और राष्ट्र के विकास का मजबूत आधार है तथा आर्थिक अभाव बच्चों की पढ़ाई में बाधा नहीं बनना चाहिए। इस तरह के प्रयास बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करते हैं। मौके पर पीडीएस डीलर संघ के अध्यक्ष वृज किशोर तिवारी, शिक्षक रोहित पांडेय व संजय सिंह तथा जन वितरण प्रणाली विक्रेता कुंदन कुमार, दयाशंकर प्रसाद, श्याम बिहारी सिंह, अर्जुन राम और रामनाथ राम सहित कई लोग मौजूद रहे।