गिरिडीह में दिनदहाड़े 2.07 लाख की लूट, मछली कारोबारी से हथियार के बल पर कैश लूटा
गिरिडीह। शहर में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। ताज़ा मामला पचंबा थाना क्षेत्र के मोहनपुर फॉरेस्ट ऑफिस के समीप मछली कारोबारी से आज गुरुवार को दिनदहाड़े 2.07 लाख की लूट की घटना सामने आई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पचम्बा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई।
मिली जानकारी के अनुसार, जगपतारी निवासी मछली कारोबारी आफताब रैन रोज की तरह बस स्टैंड स्थित मछली मंडी में कारोबार समाप्त कर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान मोहनपुर फॉरेस्ट ऑफिस के सामने दो बाइक (एक बुलेट और एक टीवीएस) पर सवार पांच अज्ञात बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया।
पीड़ित का आरोप है कि अपराधियों ने उनकी कनपटी पर पि,स्टलनुमा ह,थियार सटा दिया और नकदी से भरा बैग छीनकर पचम्बा की ओर फरार हो गए। आफताब रैन ने बताया कि बैग में कारोबार की 2,07,000 नकद राशि रखी हुई थी। घटना के तुरंत बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पचम्बा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की। अपराधियों की पहचान के लिए आस पास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
इस संबंध में पचम्बा थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच हर पहलू से की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।

