गिरिडीह को मिली बड़ी सौगात! 56 करोड़ की 100 बेड क्रिटिकल केयर यूनिट तैयार

गिरिडीह। शहर के बस पड़ाव के समीप 56 करोड़ रुपये की लागत से बन रही 100 बेड की अत्याधुनिक क्रिटिकल केयर यूनिट (सीसीयू) लगभग बनकर तैयार हो गई है। राज्य सरकार के भवन निर्माण निगम की ओर से निरंजन राय कंस्ट्रक्शन द्वारा निर्मित इस भवन को जल्द ही जिला स्वास्थ्य विभाग को सौंपे जाने की तैयारी चल रही है। इसके बाद सितंबर माह से यहां स्वास्थ्य सेवाएं शुरू होने की संभावना है।
फिलहाल भवन में कुछ तकनीकी कार्य अंतिम चरण में हैं। इनके पूरा होते ही सदर अस्पताल की कई महत्वपूर्ण सेवाओं को नए भवन में स्थानांतरित किया जाएगा। नई क्रिटिकल केयर यूनिट शुरू होने से गंभीर मरीजों को बेहतर और आधुनिक इलाज की सुविधा जिले में ही उपलब्ध हो सकेगी।
इस यूनिट में सड़क दुर्घटना में घायल मरीज, हृदय रोगी, सांस संबंधी गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीज, गंभीर संक्रमण तथा ऑपरेशन के बाद जटिल स्थिति वाले मरीजों का इलाज किया जाएगा। अस्पताल में वेंटिलेटर, मल्टीपैरामीटर मॉनिटरिंग सिस्टम, ऑक्सीजन सपोर्ट, इमरजेंसी मेडिसिन और आधुनिक जांच सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। इसके अलावा गंभीर रूप से झुलसे मरीजों के लिए बर्न यूनिट, ट्रॉमा मरीजों की विशेष देखभाल, संक्रमण नियंत्रण व्यवस्था और आवश्यकता अनुसार डायलिसिस जैसी सुविधाएं भी विकसित की जा रही हैं। नई क्रिटिकल केयर यूनिट शुरू होने से गिरिडीह और आसपास के जिलों के मरीजों को गंभीर इलाज के लिए बड़े शहरों का रुख करने की जरूरत काफी हद तक कम हो जाएगी।