उसरी जलप्रपात में मौत से खेल रहे युवक! तेज बहाव के बीच खतरनाक छलांग का VIDEO

गिरिडीह के मशहूर पर्यटक स्थल उसरी जलप्रपात में मानसून सीजन के दौरान जहां दूर–दूर से लोग प्राकृतिक नज़ारों का लुत्फ उठाने पहुंच रहे हैं, वहीं कुछ युवक रोमांच के नाम पर जोखिम भरी करतूत करते दिखे। मौसम की मार से पानी की धार तेज और गहराई अधिक होने के बावजूद झरने की ऊंची चट्टानों से नीचे गहरे पानी में छलांग लगाते कुछ युवक कैमरे में कैद हुए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के दिनों में जलप्रपात की गहराई और बहाव दोनों बढ़ जाते हैं, ऐसे में जरा सी चूक भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। इसके बावजूद बिना किसी सुरक्षा इंतज़ाम और लाइफ जैकेट के युवकों का इस तरह छलांग लगाना न सिर्फ अपनी जान जोखिम में डालना है, बल्कि प्रशासनिक निर्देशों की खुलेआम अनदेखी भी है।
लोगों का कहना है कि जिला प्रशासन द्वारा वहां लगाए गए साइन बोर्ड और खतरे के संकेत की अनदेखी कर जान जोखिम में डालने वाले लोगों पर सख्त कार्रवाई की जरूरत है, ताकि भविष्य में ऐसी कोई हरकत न करे।