सोनम वांगचुक को मेदांता शिफ्ट करने से हाईकोर्ट का इनकार, सरकार से मांगी रिपोर्ट
नई दिल्ली: सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को सफदरजंग अस्पताल से निजी अस्पताल मेदांता शिफ्ट करने की मांग पर दिल्ली हाईकोर्ट ने फिलहाल राहत देने से इनकार कर दिया है। अदालत ने स्पष्ट किया कि उनका इलाज अभी सफदरजंग अस्पताल में ही जारी रहेगा। हालांकि कोर्ट ने वांगचुक के परिजनों को उनसे मिलने की अनुमति देते हुए अस्पताल में अलग रेस्ट रूम उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। साथ ही केंद्र सरकार, दिल्ली सरकार और दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर स्टेटस रिपोर्ट दाखिल करने को कहा है। मामले की अगली सुनवाई 24 जुलाई को होगी। वांगचुक की पत्नी गीतांजलि एंग्मो ने इलाज की पारदर्शिता पर सवाल उठाते हुए उन्हें मेदांता ले जाने की अनुमति मांगी थी। वांगचुक पिछले 21 दिनों से भूख हड़ताल पर थे और शनिवार को दिल्ली पुलिस उन्हें जंतर-मंतर से सफदरजंग अस्पताल लेकर गई थी।

