रोटरी गिरिडीह की नई टीम ने संभाली कमान, अमित कुमार गुप्ता बने अध्यक्ष
‘Create Lasting Impact’ के संकल्प के साथ रोटरी गिरिडीह की नई टीम ने संभाली कमान, अमित कुमार गुप्ता बने अध्यक्ष, मनीष बर्नवाल ने संभाली सचिव की जिम्मेदारी
गिरिडीह: रोटरी क्लब गिरिडीह का 69वाँ पदस्थापना समारोह शनिवार को होटल संगम गार्डन में गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में रोटरी वर्ष 2026-27 के लिए रोटेरियन अमित कुमार गुप्ता ने अध्यक्ष तथा रोटेरियन मनीष बर्नवाल ने सचिव पद का विधिवत कार्यभार ग्रहण किया। कार्यक्रम में समाजसेवा के नए संकल्प के साथ आगामी वर्ष की योजनाओं की रूपरेखा भी प्रस्तुत की गई।
समारोह का शुभारंभ गणेश वंदना एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3250 की डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटेरियन अनु नारंग थीं, जबकि असिस्टेंट गवर्नर रोटेरियन रवि चूड़ीवाला विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। गिरिडीह नगर निगम की महापौर प्रमिला मेहरा एवं उपमहापौर सुमित कुमार की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
कार्यक्रम का संचालन रोटेरियन संतोष अग्रवाल ने किया। अतिथियों का स्वागत रोटेरियन विजय सिंह ने स्वागत भाषण के माध्यम से किया, जबकि रोटेरियन प्रकाश सहाय ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।
समारोह के दौरान निवर्तमान अध्यक्ष रोटेरियन पियूष मुसद्दी ने अपने कार्यकाल की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए क्लब के सेवा कार्यों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले सदस्यों को स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष रोटेरियन अमित कुमार गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि रोटरी वर्ष 2026-27 में क्लब रोटरी इंटरनेशनल के संदेश “Create Lasting Impact” को आत्मसात करते हुए समाज के विभिन्न वर्गों तक सेवा कार्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचाएगा। उन्होंने बताया कि रोटरी नेत्र चिकित्सालय, डायलिसिस सेंटर, फिजियोथेरेपी सेंटर, सहेली सेंटर, एम्बुलेंस सेवा, शव वाहन सेवा एवं आई चेकअप वैन जैसी स्थायी सेवा परियोजनाओं को और सशक्त बनाया जाएगा। इसके साथ ही स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, रक्तदान, महिला सशक्तिकरण एवं युवा विकास के क्षेत्र में नई योजनाएं भी शुरू की जाएंगी।
मुख्य अतिथि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर अनु नारंग ने अपने प्रेरक संबोधन में कहा कि रोटरी केवल एक संगठन नहीं, बल्कि मानवता की सेवा का वैश्विक अभियान है। उन्होंने “Service Above Self” की भावना के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुंचाने का आह्वान किया तथा रोटरी क्लब गिरिडीह द्वारा वर्षों से किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना की।
समारोह में शहर के अनेक गणमान्य नागरिक, विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि, रोटरी सदस्य एवं उनके परिवारजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से राजेंद्र बगड़िया, प्रमोद कुमार, गुणवंत सिंह मोंगिया, प्रदीप डालमिया, रेडक्रॉस चेयरमैन अरविंद कुमार, चेंबर्स ऑफ कॉमर्स गिरिडीह के अध्यक्ष निर्मल झुनझुनवाला, चेंबर्स ऑफ कॉमर्स गिरिडीह कोयलांचल के अध्यक्ष राहुल बर्मन, डॉ. मोहम्मद आजाद, डॉ. विकास लाल, डॉ. सज्जन डोकानिया, डॉ. शशि भूषण चौधरी, डॉ. आर.आर. केडिया, डॉ. विकास माथुर, राजेश जालान, राजन जैन, प्रदीप जैन, विकास बगड़िया, अभिषेक जैन, डॉ. तारक नाथ डे, देवेंद्र सिंह, मनीष तर्वे, आशीष तर्वे, शरद रूंगटा, शंभू जैन, संजय शर्मा और विकास बसईवाला सहित अनेक सम्मानित अतिथियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
समारोह सौहार्द, सम्मान और समाजसेवा के प्रति नए संकल्प के साथ संपन्न हुआ।

