SIR-2026 को मंत्री सुदीव्य कुमार ने दिया जनभागीदारी का संदेश, खुद गणना प्रपत्र भरकर नागरिकों से की समय पर सहयोग की अपील

SIR-2026 को मंत्री सुदीव्य कुमार ने दिया जनभागीदारी का संदेश, खुद गणना प्रपत्र भरकर नागरिकों से की समय पर सहयोग की अपील

गिरिडीह। भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड के निर्देशानुसार चल रहे मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (SIR-2026) के तहत शनिवार को झारखंड सरकार के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा, नगर एवं आवास, पर्यटन, कला एवं संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के मंत्री सुदीव्य कुमार ने स्वयं अपना गणना प्रपत्र (Enumeration Form) भरकर अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई। उन्होंने अपना भरा हुआ गणना प्रपत्र जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव को सौंपा।

इस अवसर पर मंत्री सुदीव्य कुमार ने कहा कि मतदाता सूची का शुद्ध एवं अद्यतन होना स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया की आधारशिला है। उन्होंने सभी पात्र नागरिकों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपना गणना प्रपत्र भरकर संबंधित बीएलओ को उपलब्ध कराने तथा SIR-2026 अभियान में सक्रिय सहयोग देने की अपील की।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि जिला प्रशासन भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम का प्रभावी, पारदर्शी एवं समयबद्ध संचालन सुनिश्चित करने के लिए लगातार निगरानी कर रहा है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक पात्र मतदाता तक गणना प्रपत्र पहुंचाने, उसका संग्रहण करने और मतदाता सूची को अद्यतन करने का कार्य प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है।

उपायुक्त ने सभी मतदाताओं से अपील की कि वे अपने नागरिक दायित्व का निर्वहन करते हुए समय पर गणना प्रपत्र भरकर संबंधित बीएलओ को उपलब्ध कराएं, ताकि मतदाता सूची का शुद्धिकरण एवं अद्यतन कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर सफलतापूर्वक पूरा किया जा सके।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि SIR-2026 अभियान के सफल संचालन के लिए सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं क्षेत्रीय कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं तथा अभियान की नियमित समीक्षा की जा रही है, जिससे प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सही एवं अद्यतन रूप से दर्ज किया जा सके।