कार्मेल स्कूल समेत कई परीक्षा केंद्रों पर पहुंचे उपायुक्त रामनिवास यादव, झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा का लिया जायजा

कार्मेल स्कूल समेत कई परीक्षा केंद्रों पर पहुंचे उपायुक्त रामनिवास यादव, झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा का लिया जायजा

एच.ई. हाई स्कूल, कार्मेल स्कूल, पचंबा हाई स्कूल व हनी होली विद्यालय का किया औचक निरीक्षण, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त परीक्षा संचालन के दिए सख्त निर्देश

गिरिडीह, 19 जुलाई। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) द्वारा आयोजित झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा-2024 के सफल, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव ने रविवार को जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने एच.ई. हाई स्कूल, कार्मेल स्कूल, पचंबा हाई स्कूल, हनी होली विद्यालय सहित अन्य परीक्षा केंद्रों का दौरा कर परीक्षा व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने अभ्यर्थियों के प्रवेश, पहचान सत्यापन, सुरक्षा व्यवस्था, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता, बिजली आपूर्ति तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा की।

उपायुक्त ने परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड और पहचान पत्रों की जांच प्रक्रिया का भी निरीक्षण किया। उन्होंने स्वयं भी कुछ परीक्षार्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन किया तथा अभ्यर्थियों से बातचीत कर परीक्षा केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने परीक्षार्थियों को शांतिपूर्ण वातावरण में परीक्षा देने के लिए शुभकामनाएं भी दीं।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने केंद्राधीक्षकों, वीक्षकों एवं प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों के साथ बैठक कर परीक्षा संचालन की जानकारी ली और निर्देश दिया कि परीक्षा की प्रत्येक प्रक्रिया आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी पारदर्शिता और सतर्कता के साथ संपन्न कराई जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही या कदाचार की संभावना को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य प्रत्येक अभ्यर्थी को सुरक्षित, निष्पक्ष और तनावमुक्त परीक्षा वातावरण उपलब्ध कराना है। इसके लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त प्रशासनिक एवं सुरक्षा व्यवस्था की गई है। उपायुक्त ने प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों और केंद्राधीक्षकों को आपसी समन्वय के साथ पूरी जिम्मेदारी एवं सजगता से अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया।

जिला प्रशासन के अनुसार परीक्षा अवधि के दौरान सभी परीक्षा केंद्रों पर सतत निगरानी रखी जा रही है, ताकि परीक्षा का आयोजन पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न हो सके।