कन्या भ्रूण संरक्षण एवं नारी चेतना अभियान के तहत डॉ. मेघा महर्षि सम्मानित

कन्या भ्रूण संरक्षण एवं नारी चेतना अभियान के तहत डॉ. मेघा महर्षि सम्मानित

*गिरिडीह,:- मारवाड़ी युवा मंच, गिरिडीह शाखा एवं गिरिडीह जिला मारवाड़ी सम्मेलन (GZMS) के संयुक्त तत्वावधान में पूर्व प्रांतीय अध्यक्ष परवीन गोयल के सम्मान में “कन्या भ्रूण संरक्षण एवं नारी चेतना” अभियान के अंतर्गत मातृ शिशु अस्पताल, चेताडीह में एक सामाजिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण के रूप में झारखंड के सरकारी अस्पताल में सामान्य प्रसव कराने वाली तीसरी महिला चिकित्सक डॉ. मेघा महर्षि को उनके उत्कृष्ट चिकित्सकीय योगदान एवं मातृ-शिशु स्वास्थ्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर अस्पताल में भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों के बीच फल एवं बिस्कुट का वितरण किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. मेघा महर्षि ने कन्या भ्रूण हत्या रोकने, बेटियों को समान अधिकार देने तथा नारी सम्मान एवं सशक्तिकरण के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बेटियाँ समाज की शक्ति हैं और उनके संरक्षण एवं शिक्षा के प्रति सभी को जागरूक होना चाहिए।

कार्यक्रम में पूर्व प्रांतीय अध्यक्ष राकेश मोदी, मारवाड़ी युवा मंच के अध्यक्ष अंकित सारावगी, सचिव निखिल झुनझुनवाला, पूर्व अध्यक्ष धीरज जैन, रवि बसाईवाला, निखिल जैन, गिरिडीह जिला मारवाड़ी सम्मेलन के अध्यक्ष निर्मल झुनझुनवाला, सुनील मोदी, अनिल धनवारिया एवं डॉ. रवि महर्षि सहित अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों, चिकित्सकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया तथा समाज से कन्या भ्रूण हत्या जैसी कुप्रथा के उन्मूलन एवं नारी सम्मान के प्रति निरंतर जागरूकता फैलाने का संकल्प लेने का आह्वान किया गया।