SIR ड्यूटी में बीएलओ से अभद्रता का आरोप, मुखिया पति पर प्रपत्र फाड़ने की शिकायत
निर्वाचन आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण (एस.आई.आर.) अभियान के दौरान मेराल प्रखंड क्षेत्र में सरकारी ड्यूटी निभा रही बीएलओ के साथ कथित अभद्रता, सरकारी कार्य में बाधा डालने और एस.आई.आर प्रपत्र फाड़ने का मामला सामने आया है। अभी कुछ दिन पूर्व मेराल उत्तरी जिप सदस्य एवं बीएलओ के बीच एस आई आर को लेकर विवाद का मामला थाना तक पहुंचा वह शांत हुआ नहीं कि दूसरा मामला सामने आ गया।
आंगनबाड़ी सेविका एवं बीएलओ आरती देवी ने थाना में लिखित आवेदन देकर मुखिया पति राजेंद्र चौधरी पर कानूनी करवाई करने की मांग की है आवेदन के माध्यम से बताया गया है कि प्रखंड के बूथ संख्या-27 पर एस.आई.आर.कार्य के दौरान खोलरा गांव निवासी चचेरिया पंचायत की मुखिया जितनी देवी का एस.आई.आर. प्रपत्र ऑनलाइन कर रही थीं इस दौरान जानकारी मिली कि संबंधित प्रपत्र पहले ही कोडरमा जिले के बूथ संख्या-177 की बीएलओ द्वारा ऑनलाइन किया जा चुका है। उन्होंने यह जानकारी मुखिया जितनी देवी के मुखिया पति राजेन्द्र चौधरी को दी। शिकायत के अनुसार, सूचना मिलते ही मुखिया पति राजेन्द्र चौधरी कथित रूप से आक्रोशित हो गए और महिला बीएलओ के साथ गाली-गलौज करने लगे। आरोप है कि इसके बाद वह उनके घर पहुंचे, एस.आई.आर. प्रपत्र दिखाने की मांग करते हुए अभद्र भाषा का प्रयोग किया तथा थप्पड़ मारने का प्रयास किया। उनके हाथ से एस.आई.आर.का सरकारी प्रपत्र छीनकर फाड़ दिया गया, जिससे निर्वाचन आयोग का कार्य बाधित हुआ। आरोपी ने उन्हें नौकरी से निकलवाने की धमकी दी। घटना के बाद से वह और उनका परिवार लगातार भय और मानसिक तनाव में है। उनका कहना है कि सरकारी दायित्व निभाने के दौरान इस तरह की घटना ने पूरे परिवार को असुरक्षा के माहौल में जीने के लिए मजबूर कर दिया है। पीड़िता ने मेराल थाना से आरोपी के विरुद्ध सरकारी कार्य में बाधा डालने, अभद्र व्यवहार, धमकी देने से संबंधित कानूनी धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।इस मामले पर मेराल थाना प्रभारी विष्णुकांत ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है प्रथम दृष्टिया से जांच करने के बाद अग्रसर करवाई किया जाएगा।
इस संबंध में पूछे जाने पर मुखिया पति राजेंद्र चौधरी ने बताया कि हम पर बीएलओ द्वारा लगाए गए सारे आरोप बेबुनियाद और निराधार है।

