NEET UG 2026 में आंशिका वर्मा का कमाल, 596 अंक से बढ़ाया गिरिडीह का मान
गिरिडीह। डुमरी प्रखंड के ईसरी निवासी एवं शिक्षक राजेश कुमार की पुत्री आंशिका वर्मा ने NEET UG 2026 परीक्षा में 596 अंक प्राप्त कर परिवार, क्षेत्र और पूरे गिरिडीह जिले का नाम रोशन किया है। खास बात यह रही कि यह सफलता उन्हें उनके पिता के जन्मदिन पर मिली, जिससे यह उपलब्धि पूरे परिवार के लिए जीवनभर याद रहने वाला उपहार बन गई। परिणाम की सूचना मिलते ही उनके ननिहाल पचंबा सहित पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई।
आंशिका की प्रारंभिक शिक्षा पचंबा में हुई। इसके बाद उन्होंने तारा मॉडर्न पब्लिक स्कूल तथा पीएनडी जैन हाई स्कूल से अपनी स्कूली शिक्षा पूरी की। अपनी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अध्ययन के बल पर उन्होंने NEET जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा में उल्लेखनीय सफलता अर्जित की।
आंशिका वर्मा ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपनी माता मधु देवी, पिता राजेश कुमार, चाचा स्व . कमलेश कुमार अपने नाना nathu swarnkar मामा गौतम सोनी तथा शिक्षकों, परिवारजनों निरंतर मार्गदर्शन, सहयोग और प्रेरणा को दिया। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य एक प्रतिष्ठित मेडिकल कॉलेज में प्रवेश लेकर एक कुशल, संवेदनशील और समर्पित चिकित्सक बनना है, ताकि समाज के जरूरतमंद लोगों की सेवा कर सकें।
आंशिका की इस सफलता पर परिवार, शिक्षकों, मित्रों, शुभचिंतकों एवं क्षेत्रवासियों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उनकी उपलब्धि यह साबित करती है कि दृढ़ निश्चय, कठिन परिश्रम और परिवार के अटूट सहयोग से हर सपना साकार किया जा सकता है। निश्चित रूप से उनकी यह सफलता क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।

