गिरिडीह में 18 और 20 जुलाई को मतदाता विशेष शिविर, जानिए पूरी जानकारी
गिरिडीह के शहरी मतदाताओं के लिए 18 और 20 जुलाई को विशेष शिविर, 185 मतदान केंद्रों पर मिलेगा गणना प्रपत्र और जमा करने की सुविधा
उपायुक्त रामनिवास यादव ने की अपील— हर पात्र मतदाता तक पहुंचेगा गणना प्रपत्र, मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने में करें सहयोग
गिरिडीह। भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड के निर्देशानुसार मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (SIR-2026) के तहत शहरी क्षेत्र के मतदाताओं की सुविधा के लिए 18 एवं 20 जुलाई 2026 को विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। इस संबंध में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव ने आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।
उपायुक्त ने बताया कि 32 गिरिडीह विधानसभा क्षेत्र के शहरी इलाके में स्थित कुल 185 मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों का आयोजन सुबह 10:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक होगा। इस दौरान संबंधित बीएलओ (BLO) मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहकर मतदाताओं को गणना प्रपत्र उपलब्ध कराएंगे तथा उसे भरने और जमा करने में हरसंभव सहयोग करेंगे।
उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंच सुनिश्चित करना तथा मतदाता सूची को अधिक सटीक, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है। इसके लिए सभी मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की संख्या के अनुरूप पर्याप्त गणना प्रपत्र उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी मतदाता को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
उपायुक्त ने यह भी स्पष्ट किया कि जो मतदाता किसी कारणवश अपने मतदान क्षेत्र से बाहर रह रहे हैं, वे भी अपने संबंधित बीएलओ से संपर्क कर गणना प्रपत्र प्राप्त कर सकते हैं।
शिविरों की प्रभावी निगरानी के लिए सभी बीएलओ सुपरवाइजरों को मतदान केंद्रों का लगातार निरीक्षण करने तथा व्यवस्थाओं पर नजर रखने का निर्देश दिया गया है। आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त कर्मियों की प्रतिनियुक्ति कर शिविरों का सफल संचालन सुनिश्चित करने को भी कहा गया है।
उपायुक्त रामनिवास यादव ने जिले के सभी शहरी मतदाताओं से अपील की है कि वे 18 एवं 20 जुलाई को अपने संबंधित मतदान केंद्र पर आयोजित विशेष शिविर में अवश्य पहुंचें, गणना प्रपत्र प्राप्त कर समय पर भरकर जमा करें और मतदाता सूची के शुद्धिकरण एवं अद्यतन अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि सशक्त लोकतंत्र की आधारशिला एक शुद्ध एवं अद्यतन मतदाता सूची है और इसमें प्रत्येक नागरिक की सहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है।

