गुमला में डायन-बिसाही के नाम पर खूनी वारदात, बुजुर्ग दंपति पर हमला
पालकोट (गुमला)। गुमला जिले के पालकोट प्रखंड अंतर्गत टेंगरिया पंचायत के थीभू टोली में शुक्रवार को अंधविश्वास की आड़ में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। डायन-बिसाही के शक में एक बुजुर्ग दंपति पर जानलेवा हमला कर दिया गया। इस हमले में बुजुर्ग महिला की निर्मम हत्या कर दी गई, जबकि उसके पति गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर बुजुर्ग दंपति अपने घर में मौजूद थे। इसी दौरान हमलावर वहां पहुंचा और डायन-बिसाही का आरोप लगाते हुए दोनों पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बुधा खड़िया पर भी धारदार हथियार से कई वार किए गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पालकोट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, गुमला भेज दिया है। वहीं गंभीर रूप से घायल बुधा खड़िया को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
फिलहाल पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। हमलावर की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।

