खाद्य सुरक्षा विभाग का विशेष जांच अभियान, दुकानों व प्रतिष्ठानों को दिए गए आवश्यक निर्देश
खाद्य सुरक्षा विभाग का विशेष जांच अभियान, दुकानों व प्रतिष्ठानों को दिए गए आवश्यक निर्देश
गुमला। आम उपभोक्ताओं को सुरक्षित, शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा पालकोट रोड क्षेत्र में विशेष जांच अभियान चलाया गया। उपायुक्त गुमला एवं अभिहित अधिकारी-सह-अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, गुमला के संयुक्त निर्देश पर संचालित इस अभियान का नेतृत्व खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी श्री प्रकाश चन्द्र गुग्गी एवं कुमार प्रभाकर ने किया।
अभियान के दौरान पालकोट रोड स्थित विभिन्न किराना दुकानों, खाद्य प्रतिष्ठानों एवं अन्य खाद्य व्यवसाय संचालकों के प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के क्रम में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता व्यवस्था, भंडारण प्रणाली, खाद्य लाइसेंस, पैकेजिंग, लेबलिंग एवं उत्पादों की एक्सपायरी तिथि की गहन जांच की गई।
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने प्रतिष्ठान संचालकों को निर्देश दिया कि वे खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करें तथा उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से जुड़ी किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें। उन्होंने कहा कि खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण एवं विक्रय के दौरान स्वच्छता मानकों का पालन करना अनिवार्य है।
निरीक्षण के दौरान कुछ प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई एवं खाद्य पदार्थों के रख-रखाव में सुधार की आवश्यकता पाई गई, जिस पर संबंधित संचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश एवं चेतावनी दी गई। विभाग की ओर से उन्हें खाद्य सामग्री को निर्धारित मानकों के अनुरूप सुरक्षित रखने, एक्सपायरी उत्पादों की बिक्री से बचने तथा परिसर की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि जनस्वास्थ्य की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। विभाग द्वारा भविष्य में भी ऐसे निरीक्षण एवं जांच अभियान नियमित रूप से जारी रखे जाएंगे, ताकि आम लोगों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके।



