19 जुलाई को गिरिडीह में होगी झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता परीक्षा, 25 केंद्रों पर 11,400 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा
गिरिडीह। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग, रांची द्वारा आयोजित झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा के सफल, निष्पक्ष व कदाचारमुक्त आयोजन को लेकर उपायुक्त रामनिवास यादव की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में आज समीक्षा बैठक हुई। उपायुक्त ने परीक्षा कार्य में तैनात सभी पदाधिकारियों और कर्मियों को आपसी समन्वय, अनुशासन व जिम्मेदारी के साथ दायित्व निभाने के निर्देश दिए और कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता व पारदर्शिता जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि संचालन में किसी भी शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उपायुक्त ने केंद्राधीक्षकों की भूमिका महत्वपूर्ण बताया और कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी समस्या पर तत्काल नोडल अधिकारी से संपर्क कर त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सफल व शांतिपूर्ण संचालन सभी पदाधिकारियों की सामूहिक जिम्मेदारी है ताकि सभी अभ्यर्थियों को समान अवसर मिल सके।
बैठक में बताया गया कि परीक्षा 19 जुलाई, 2026 को तीन पालियों में आयोजित होगी: प्रातः 8:30–10:30, 11:30–13:30 व 15:30–17:30। जिले में 25 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं और लगभग 11,400 परीक्षार्थी शामिल होंगे। जिला प्रशासन ने कहा कि सुरक्षा व प्रशासनिक तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं। बैठक में पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार, उप-विकास आयुक्त स्मृता कुमारी, अपर समाहर्ता वैभव कुमार सिंह, जिला शिक्षा पदाधिकारी विनय कुमार व सभी केंद्राध्याक्ष उपस्थित थे।

