जौहर यूनिवर्सिटी के 38 भवनों पर ध्वस्तीकरण का आदेश, 15 दिन का नोटिस जारी
उत्तर प्रदेश के रामपुर स्थित जौहर यूनिवर्सिटी पर बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की तैयारी है। रामपुर विकास प्राधिकरण (RDA) ने बिना स्वीकृत नक्शे के बने 38 भवनों को अवैध घोषित करते हुए ध्वस्तीकरण का आदेश जारी किया है। डीएम अजय कुमार द्विवेदी ने बताया कि यूनिवर्सिटी परिसर में कुल 40 भवन हैं, जिनमें केवल दो का ही मानचित्र स्वीकृत है। शेष 38 भवन नियमों के विपरीत बनाए गए हैं। प्रशासन ने संबंधित पक्ष को 15 दिनों के भीतर स्वयं अवैध निर्माण हटाने का निर्देश दिया है, अन्यथा RDA बुलडोजर चलाकर कार्रवाई करेगा। योगी सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत यह कदम उठाया गया है। गौरतलब है कि समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान इस यूनिवर्सिटी के चांसलर हैं।

