झारखंड-ओडिशा को रेलवे की बड़ी सौगात, ₹3,907 करोड़ की दो परियोजनाओं को कैबिनेट की मंजूरी
केंद्र सरकार ने झारखंड और ओडिशा के रेलवे नेटवर्क को मजबूत बनाने के लिए करीब 3,907 करोड़ रुपये की दो मल्टी-ट्रैकिंग परियोजनाओं को मंजूरी दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में यह फैसला लिया गया। इसके तहत पारादीप-हरिदासपुर रेल लाइन का दोहरीकरण और राजखरसावां-दांगोआपोसी रेल मार्ग पर चौथी लाइन बिछाई जाएगी। वर्ष 2030-31 तक पूरी होने वाली इन परियोजनाओं से रेलवे नेटवर्क में 145 किलोमीटर की बढ़ोतरी होगी। करीब 1,526 गांवों और 14 लाख लोगों को बेहतर रेल सुविधा मिलेगी। साथ ही पर्यटन, खनिज माल ढुलाई और स्थानीय कारोबार को नई रफ्तार मिलेगी। सरकार के अनुसार, इससे ईंधन की बचत, कार्बन उत्सर्जन में कमी और क्षेत्रीय विकास को भी बड़ा बढ़ावा मिलेगा।

