गिरिडीह में शराब तस्करों पर बड़ी कार्रवाई, ट्रक से 618 पेटी अंग्रेजी शराब-बीयर जब्त

गिरिडीह। अवैध शराब तस्करी के खिलाफ गिरिडीह पुलिस ने बगोदर थाना क्षेत्र के जीटी रोड स्थित गैड़ा के पास एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से कुल 618 पेटी अंग्रेजी शराब व बीयर जब्त कर लिया। जब्त माल की अनुमानित बाजार कीमत ₹35,35,710 आंकी गई है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी धनंजय राम बगोदर-सरिया के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल गठित किया गया था। दल ने जीटी रोड पर संयुक्त वाहन जांच अभियान चलाया, तभी रात करीब 11:15 बजे पास से गुजर रहे एक संदिग्ध ट्रक (पंजीकरण संख्या BR56G4297) को रोका गया। पुलिस को देखते ही ट्रक चालक वाहन छोड़कर लगभग 100 मीटर पहले ही जंगल की ओर भाग निकला। पुलिस व सशस्त्र बल ने उसका पीछा किया, लेकिन अंधेरे व घने जंगल का फायदा उठाकर वह फरार हो गया।
ट्रक की तलाशी लेने पर विभिन्न ब्रांडों में 618 पेटी अंग्रेजी शराब व बीयर मिली। काफी देर तक इंतजार के बाद भी शराब पर वैध दावा करने वाला कोई नहीं आया, इसलिए पुलिस ने ट्रक व पूरी खेप को जब्त कर लिया। बगोदर थाना में ट्रक मालिक, चालक व अन्य अज्ञात तस्करों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम तथा अन्य संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस फरार चालक व कथित तस्करी नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।