इनर व्हील क्लब ऑफ गिरिडीह पर्ल्स द्वारा स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संरक्षण अभियान का आयोजन
इनर व्हील क्लब ऑफ गिरिडीह पर्ल्स द्वारा स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संरक्षण अभियान का आयोजन
इनर व्हील क्लब ऑफ गिरिडीह पर्ल्स, डिस्ट्रिक्ट 325 द्वारा हरिचक एवं मोसाबदी गांव में स्वच्छता, स्वास्थ्य जागरूकता एवं पर्यावरण संरक्षण को समर्पित तीन जनहितकारी परियोजनाओं का सफल आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के प्रथम चरण में हरिचक गांव के दो सार्वजनिक कुओं में ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव किया गया ताकि वर्षा ऋतु में जलजनित बीमारियों की रोकथाम हो सके। साथ ही ग्रामीणों को डेंगू, मलेरिया, डायरिया एवं अन्य मौसमी बीमारियों से बचाव के उपाय बताए गए। आसपास की साफ-सफाई बनाए रखने तथा नियमित रूप से फिनाइल एवं ब्लीचिंग पाउडर के उपयोग के लिए प्रेरित किया गया।
दूसरे चरण में मोसाबदी गांव के दो अन्य कुओं में भी ब्लीचिंग पाउडर डाला गया तथा लगभग 15–20 किलोग्राम ब्लीचिंग पाउडर ग्रामीणों के बीच वितरित किया गया। इसके अतिरिक्त पौधों के पौधे एवं सीड बॉल्स वितरित कर स्वच्छ, स्वस्थ एवं हरित वातावरण बनाने का संदेश दिया गया।
तीसरे चरण में मोसाबदी प्राथमिक विद्यालय के कक्षा 7 एवं 8 के लगभग 40 विद्यार्थियों एवं 10 शिक्षकों के साथ स्वास्थ्य एवं पर्यावरण जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। विद्यार्थियों को व्यक्तिगत स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, वर्षा ऋतु में होने वाली बीमारियों से बचाव तथा वृक्षों के संरक्षण के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को सीड बॉल्स तथा शिक्षकों एवं चयनित विद्यार्थियों को पौधे भेंट कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दिलाया गया।
इन तीनों परियोजनाओं पर क्लब द्वारा कुल लगभग ₹4,000 व्यय किए गए।
इस अवसर पर क्लब की अध्यक्ष प्रीति भास्कर एवं सचिव नमिता वर्मा ने संयुक्त रूप से ग्रामीणों, विद्यार्थियों एवं शिक्षकों से स्वच्छता को जीवनशैली का हिस्सा बनाने, सुरक्षित पेयजल का उपयोग करने तथा अधिक से अधिक वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आग्रह किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में क्लब के सभी सदस्यों का सराहनीय सहयोग रहा।

